Farrukhabad: मेला रामनगरिया में संतों के आने से बढ़ी रौनक, कदम-कदम पर सुरक्षा इंतजाम, एसपी ने दिए से निर्देश
Farrukhabad News: साधु संतों से कहा कि मेले में गैस सिलिंडर का प्रयोग करने से पहले उसे बालू में दबा दें। दुर्घटना से बचने के लिए सावधानियां बरतें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेला क्षेत्र का अवलोकन किया है। कहां थाना और चौकियां बनाई जानी हैं, उसकी भी जानकारी की है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में मेला रामनगरिया में संतों के आने से रौनक बढ़ने लगी है। हर साल आने वाले संतों और बेशुमार कल्पवासियों की कदम-कदम पर सुरक्षा होगी। आठ से अधिक पुलिस चौकी बनेंगी। एसपी ने निरीक्षण कर मेला व्यवस्थापक से चौकी बनाने के लिए टेंट देने के निर्देश दिए।
पांचाल घाट पर मेला रामनगरिया का शुभारंभ 13 जनवरी से होगा। इससे पहले ही पूरा मेला क्षेत्र हर-हर गंगे और हर-हर महादेव उद्घोष से गूंजने लगेगा। फिलहाल संतों के आने से मेला में रौनक शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में कल्पवासी पहुंचकर टेंट और झोपड़ी लगाने समेत अन्य तैयारियों में लगे हैं।
स्वयं से ही तैयारियां करने में लगे हैं साधु-संत
साधु संतों के क्षेत्र में भजन कीर्तन व पूजा अर्चन शुरू हो गई। जूना अखाड़ा, आवाह्न अखाड़ा, वैष्णव संप्रदाय, यादव क्षेत्र, कुशवाह क्षेत्र के साधु-संत आ चुके हैं। मेला प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई तैयारी न होने से साधु-संत स्वयं से ही तैयारियां करने में लगे हैं।
पुलिस बल संतों की सुरक्षा कर सकें
शनिवार को पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने पांचाल घाट मेला स्थल का निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में आने वाले संतों की सुरक्षा के फिलहाल कोई बंदोबस्त नहीं हैं। पुलिस अधीक्षक ने मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित से कहा कि वह टेंट की व्यवस्था करवाएं, ताकि पुलिस बल संतों की सुरक्षा कर सके।
एक थाना और आठ चौकी बनाई गईं
साधु संतों से कहा कि मेले में गैस सिलिंडर का प्रयोग करने से पहले उसे बालू में दबा दें। दुर्घटना से बचने के लिए सावधानियां बरतें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेला क्षेत्र का अवलोकन किया है। कहां थाना और चौकियां बनाई जानी हैं, उसकी भी जानकारी की है। पिछले साल मेला क्षेत्र में कल्पवासियों की सुरक्षा के लिए एक थाना और आठ चौकी बनाई गई थीं। इस पर चौकियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।