Kanpur Suicide: 72 साल के बुजुर्ग ने की खुदकुशी, कॉटन मिल के प्रबंधक को बताया जिम्मेदार
कमला क्लब निवासी हृदय नारायण श्रीवास्तव कॉटन मिल के कर्मचारी थे। सीएम के नाम से सुसाइड नोट लिखकर उन्होंने बुधवार को खुदकुशी की थी।
विस्तार
कानपुर के कमला क्लब निवासी एक बुजुर्ग ने बुधवार को जरीब चौकी क्रॉसिंग पर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी। गुरुवार को शव की शिनाख्त हुई और एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें बुजुर्ग ने कॉटन मिल प्रबंधक व सुरक्षा अधिकारी पर प्रताड़ना का आरोप लगा खुदकुशी का जिम्मेदार ठहराया। फिलहाल मामले की तफ्तीश जीआरपी कर रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद पूरे मामले की जांच सीसामऊ पुलिस करेगी।
कमला क्लब में स्थित बंगला नंबर 43 में हृदय नारायण श्रीवास्तव (72) रहते थे। उनकी पत्नी उर्मिला व तीनों बेटे व बहू भी इसी बंगले में रहते हैं। बुधवार सुबह आठ बजे हृदय नारायण घर से निकले थे। तब से वह लापता था। उधर एक घंटे बाद जरीब चौकी पर एक बुजुर्ग ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। गुरुवार शाम जब हृदय नारायण के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, तो बुजुर्ग की फोटो उनको दिखाई।
इसको देखकर परिजनों ने शिनाख्त की। जीआरपी चौकी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप है। मामला कमिश्नरी पुलिस देखेगी। एसीपी सीसामऊ का कहना है कि मामले की जानकारी है। परिजन जो तहरीर देंगे, उस आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।