एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता, सलीम गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, साथ ही हुआ एक बड़ा खुलासा
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह लखनऊ के वांछित अपराधी सलीम के कहने पर उसके दो विरोधियों की हत्या की योजना बना रहे थे। जिसके तहत उन्हें उन्नाव में अपने गैंग के एक सदस्य से मिलना था। एसटीएफ निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें गुरुवार को सूचना मिली थी कि सलीम गैंग के दो शूटर उन्नाव आ रहे हैं। दोनों को पकड़ने के लिए वह बजेहरा पुल पहुंचे। जहां लखनऊ की ओर से आ रही एक बाइक को जैसे ही रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार शूटरों ने गोली चला दी।
हत्या की लिए उसे उन्नाव में एक युवक से मिलना था
जवाबी कार्रवाई में उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक शूटर ने अपना नाम आमिर खान उर्फ कालिया निवासी एलडीए कॉलोनी शाहदतगंज लखनऊ व दूसरे ने अपना नाम अलीम हाशमी निवासी राजाजीपुरम लखनऊ बताया।
निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पूछताछ में आमिर ने बताया कि सलीम के कहने पर उसने उसके विरोधी अमान तथा यासिर की हत्या की योजना बनाई थी। हत्या की लिए उसे उन्नाव में एक युवक से मिलना था। हालांकि उससे पहले एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों के पास से तीन तमंचा व चार कारतूस, एक बाइक व मोबाइल बरामद किया है। दोनो के खिलाफ सोहरामऊ थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शूटर आमिर ने बताया कि सलीम ने अमान व यासिर से रुपए मांगे थे। दोनों ने रुपए देने की बात कही थी लेकिन बाद में मुकर गए थे। जिस पर सलीम ने उसे दोनो की हत्या करने की सुपारी दी थी। सलीम के कहने पर फर्रुखाबाद से उसे असलहे उपलब्ध कराए गए थे।