कानपुर पुलिस: 50 करोड़ से छह मंजिला बनेगा पुलिस कमिश्नरी मुख्यालय, मंजूरी के बाद शुरू होगा काम
कानुपर पुलिस कमिश्नरी मुख्यालय के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी की मदद से प्रस्ताव तैयार हो रहा है। साथ ही, डायल-100 कंट्रोल के पास दो कंडम बैरक भी गिराई जाएंगी। इसका प्रस्ताव जल्द से जल्द शासन को भेजा जाएगा और मंजूरी के बाद काम शुरू होगा।
विस्तार
पुलिस कमिश्नरी का मुख्यालय बनाने के लिए जद्दोजहद तेज हो गई है। एसीएस (एडिशनल चीफ सेक्रेटरी) होम के निर्देश के बाद पुलिस पीडब्ल्यूडी की मदद से मुख्यालय का प्रस्ताव तैयार करवा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक 50 करोड़ रुपये में छह मंजिला इमारत बनाई जाएगी। प्रस्ताव लगभग तैयार हो चुका है। फाइनल मुहर लगना अभी बाकी है। उसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलते ही काम शुरू होगा। मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर समेत कई अन्य अफसरों व पुलिस की महत्वपूर्ण विंग के दफ्तर भी होंगे।
पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू हुए एक साल से अधिक का समय बीत चुका है। पिछले साल केडीए क्रिस्टल में कमिश्नरी का मुख्यालय बनने की बात लगभग फाइनल हो गई थी, लेकिन आखिर में सीएम ने इसके लिए मना कर दिया था। जिसके बाद से पुलिस अफसर नई जगह की तलाश कर रहे थे। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने डायल-100 कंट्रोल रूम के पास जगह फाइनल की है। कुछ दिन पहले जब एसीएस होम कानपुर आए थे, तब इस बारे में उनसे चर्चा की थी। उन्होंने प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात कही थी।
पुलिस अफसरों ने तत्काल पीडब्ल्यूडी की मदद से प्रस्ताव तैयार कराने में जुट गई है। प्रस्ताव के मुताबिक कंट्रोल रूम के पास दो कंडम बैरक ढहाई जाएंगी। यहीं पर छह मंजिला इमारत बनेगी। इसी में पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी। इस स्थान पर मुख्यालय होने से शहर के हर तरफ से लोगों को पहुंचने में आसानी होगी।
टॉप फ्लोर पर होगा सीपी का दफ्तर
अभी तक के प्लान के मुताबिक छठवीं मंजिल पर पुलिस कमिश्नर का दफ्तर होगा। इसके अलावा डीसीपी पूर्वी का कार्यालय भी मुख्यालय में होगा। वहीं डीसीपी पश्चिम व साउथ का कार्यालय उनके जोन में ही बनाया जाएगा। इसके लिए भी जगह तलाश की जा रही है। एलआईयू, सर्विलांस के साथ क्राइम ब्रांच का दफ्तर भी मुख्यालय में बनाने पर विचार चल रहा है।
यानी कम बजट में हो जाएगा काम
केडीए क्रिस्टल में मुख्यालय बनाने में करीब 90 करोड़ रुपये विभाग को चुकाने की बात सामने आई थी। वहीं अब मुख्यालय का प्रस्ताव करीब 50 करोड़ का तैयार हो रहा है। मतलब पहले के मुताबिक मुख्यालय पर खर्चा करीब करीब पचास फीसदी कम होगा।
पुलिस कमिश्नरी मुख्यालय निर्माण का प्रस्ताव फाइनल कर शासन को भेजा जाएगा। शासन में प्रस्ताव के मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। प्रयास है कि ये पूरी प्रक्रिया जल्द से जल्द कराई जाए। - आनंद कुलकर्णी, एडिशनल सीपी मुख्यालय