Unnao: हमारे यहां क्यों..डीएम के यहां जाकर मरो, साक्षी महाराज बोले- ऑडियो से हुई है छेड़छाड़, सुनाई अधूरी बात
अनुसूचित जाति की युवती की हत्या के मामले में मृतका के पिता का सांसद साक्षी महाराज से फोन पर बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। हालांकि सांसद का कहना है कि ऑडियो से छेड़छाड़ की गई है और अधूरी बात सुनाई गई है।
विस्तार
उन्नाव जिले में बेटी की हत्या पर आर्थिक मदद और अन्य वादे पूरे न करने का आरोप लगाने वाले मृतका के पिता का सांसद से फोन पर बातचीत का आॉडियो वायरल हुआ है। ऑडियो वह सांसद से उनके आवास के सामने मरने की धमकी देने पर सासंद ने झल्लाकर कहा हमारे यहां क्यों... डीएम के यहां मरो।
हालांकि सांसद ने ऑडियो छेड़छाड़ कर वायरल करने की बात कही है। बता दें कि दिवंगत पूर्व राज्यमंत्री के बेटे रोजल सिंह पर शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती की दिसंबर 2021 में की हत्या कर शव को अपने ही पिता के आश्रम की जमीन में दफनाने का आरोप है।
पुलिस ने 10 फरवरी 2022 को आश्रम में दीवार के पास गड्ढे से शव बरामद किया था। आरोपी रजोल, उसके बड़े भाई सहित छह आरोपी जेल में हैं। सोमवार को मृतका के पिता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्रशासन पर आर्थिक सहायता व अन्य वादे पूरे ना करने का आरोप लगाया था।
पिता ने 25 जनवरी को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार सहित आत्मदाह की चेतावनी दी थी। मंगलवार को उसका सांसद से बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें वह सांसद साक्षी महाराज को प्रशासन द्वारा वादा पूरा न करने की बात बताता है।
वह उनके (सांसद) के घर के सामने मरने की बात कहता है। ऑडियो में सांसद, मृतका के पिता को पहले समझाते हैं लेकिन, घर के सामने मरने की बात कहने पर वह झल्ला कर कहते हैं हमारे यहां क्यों...डीएम के यहां मरो जाकर। एप्लीकेशन वहीं, तो दिया था ना।
इस समय यह वायरल ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। सांसद साक्षी महाराज ने बताया कि जब बातचीत हुई थी, तब वह उत्तराखंड में थे। काफी देर तक बात की थी और समझाया था। उन्होंने बताया कि ऑडियो से छेड़छाड़ कर वायरल किया गया है।
परिवार सहित आत्मदाह की दी थी चेतावनी
बता दें कि अनुसूचित जाति की युवती की हत्या के मामले में परिजनों ने प्रशासन पर गलत रिपोर्ट लगाने के कारण आर्थिक मदद न मिल पाने का आरोप लगाया था। मृतका के पिता ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वह 25 जनवरी को उपमुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार सहित आत्मदाह करेगा।
अधिकारियों ने शासन को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में लिखा था कि पीड़ित परिवार को आठ लाख रुपये आर्थिक सहायता और कॉलोनी में आवास आवंटित है। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया मामले की जानकारी नहीं है। परिवार से बात की जाएगी कि उनकी क्या मांग है।