संदीप का कबूलनामा: अवनीश ने कहा था-डीवीआर गंगा में फेंक देना, नहीं तो सब पकड़े जाएंगे, कही ये बात
Kanpur News: नजूल संपत्ति मामले में एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए अवनीश के 50 के इनामिया साथी संदीप शुक्ला ने कई बातों का खुलासा किया है। उसने कहा कि अवनीश के कहने पर कमरे का ताला तोड़ लूटपाट की थी और फिर डीवीआर लेकर भाग गए थे।
विस्तार
कानपुर में सिविल लाइंस की नजूल की जमीन कब्जाने के प्रयास के मामले में एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए अवनीश दीक्षित के साथी 50 हजार के इनामिया संदीप शुक्ला ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि अवनीश की कहने पर ही परिसर में स्थित कमरे का ताला तोड़कर लूटपाट की थी। इसके बाद डीवीआर लेकर भाग गया था।
अवनीश ने कहा था कि डीवीआर ले जाकर गंगा में फेंक देना नहीं तो सभी लोग पकड़े जाएंगे। इसके बाद पुलिस संदीप को लेकर सरसैया घाट पहुंची। डेढ़ घंटे तक पुलिस ने गंगा में डीवीआर की तलाश की, लेकिन मिली नहीं। दोपहर बाद कोतवाली पुलिस ने संदीप शुक्ला को कोर्ट में पेश किया और यहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अवनीश दीक्षित के साथी सपा छात्रसभा के महानगर अध्यक्ष राहुल वर्मा को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। राहुल ने ही पूछताछ में बताया था कि जूही परमपुरवा निवासी संदीप शुक्ला भी जमीन कब्जाने के प्रयास में शामिल था। संदीप ही डीवीआर लूटकर भागा था। इसके बाद बुधवार को कचहरी के पास से कोतवाली पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार किया था।
कमाई से तय हिस्सा मिलेगा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में संदीप ने बताया कि अवनीश ने लालच दिया था कि सिविल लाइंस की करोड़ों की जमीन पर आलीशान स्कूल बनवाएंगे। उससे होने वाली कमाई से तय हिस्सा मिलेगा। अवनीश के बुलाने पर ही वह भी पहुंचा था। उसने पहले कमरे का ताला तोड़ा, सामान समेटा। अवनीश ने कहा कि सभी लोग कमरों के ताले तोड़ते और लूटपाट करते कैद हुए हैं।
निशानदेही पर घाटमपुर से बरामद की कार
इसलिए डीवीआर ले जाओ और गंगा में फेंक देना। संदीप ने अवनीश, उसके साथियों और जमीन कब्जाने के प्रयास मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त संदीप शुक्ला की कार उसकी निशानदेही पर घाटमपुर पतारा से उदय नाम के शख्स के घर से बरामद की है।