Kanpur: रूमा बनेगा मॉडल औद्योगिक क्षेत्र, 52 करोड़ रुपये जारी, प्राधिकरण ने जारी किए टेंडर, ये काम होंगे
Kanpur News: अटल औद्योगिक अवसंरचना मिशन के तहत रूमा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से 52 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की गति बढ़ाते हुए यूपीसीडा प्रमुख औद्योगिक केंद्र रूमा को अटल औद्योगिक अवसंरचना मिशन के तहत आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करेगा। यह क्षेत्र वर्ष 2004-05 में स्थापित हुआ था। अब यहां 86 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। शासन ने पहली किस्त के रूप में 52 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। यूपीसीडा की यह पहल औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए है।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने करीब 30 वर्ष पहले औद्योगिक क्षेत्र बसाया था। अब यहां की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट खराब पड़ा है। नाले चोक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती है। प्राधिकरण लगातार शासन से धनराशि की मांग कर रहा था। डीपीआर भी भेजी जा चुकी थी। अब शासन ने पहली किस्त जारी कर दी है। यहां एक और तीन एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। पार्क, अग्निशमन केंद्र और पुलिस चौकी बनेगी। पुरानी हाई मास्ट लाइटों की जगह नई सौर आधारित हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
ये काम भी होंगे
रूमा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी को सही करने के लिए सड़कों किनारे 35 पुलियां, 18.83 किमी जल निकासी की पाइप लाइन डाली जाएंगी। पांच किमी वाली सड़कें सीसी बनाई जाएंगी। वाहनों के लिए चार्जिंग सिस्टम लगाया जाएगा। 33 केवी और 11 केवी बिजली के तार अंडरग्राउंड बिछाए जाएंगे। तीन प्रवेश द्वार और छह डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगेंगे
सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तकनीक से लैस होंगे, जिससे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि होते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाएगा। कई जगह पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों को संदेश दिया जा सकेगा। इसके अलावा, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर रुद्राक्ष की बगिया विकसित की जाएगी।
ज्यादातर इकाइयां टेक्सटाइल की
जीटी रोड किनारे स्थित रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 200 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। यहां पर ज्यादातर टेक्सटाइल से जुड़ी इकाइयां हैं, साथ ही ब्लीचिंग यूनिट और जनरल इकाइयां भी हैं। यहां पर एक ट्रीटमेंट प्लांट भी है, दूसरा प्लांट भी जल्द लगेगा।
प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत विकसित किया जाएगा। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 86 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 52 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें नाली, सड़क निर्माण, लाइट कार्य के साथ उद्यमियों और कर्मचारियों के हित में कार्य होंगे। -मंसूर कटियार, आरएम यूपीसीडा