UP: किराये पर फंसा पेच...ग्रीनपार्क से छिनी यूपी क्रिकेट टी-20 लीग, दर्शक क्षमता और होटलों की कमी भी वजह
Kanpur News: लीग को लेकर शुक्रवार को नोएडा में एपेक्स सदस्यों के साथ फ्रेंचाइजी व लीग के आयोजकों ने बैठक कर रूपरेखा तैयार की। बैठक में आयोजन, खिलाड़ियों की नीलामी की तारीखें, टीमों की संख्या और खिलाड़ियों की संख्या पर चर्चा की गई। फ्रेंचाइजी ने भी ग्रीनपार्क के स्थान पर लखनऊ के इकाना को तवज्जो दी है।
विस्तार
इस बार यूपी टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन ग्रीनपार्क की जगह लखनऊ के इकाना स्टेडियम में किया जाएगा। इसकी रूपरेखा भी बन चुकी है। इस बदलाव का मुख्य कारण बीते साल ग्रीनपार्क में हुई लीग का किराया न जमा होना भी है।
इसके अलावा ग्रीनपार्क की दर्शक क्षमता और शहर में होटलों की कमी से फ्रेंचाइजी लखनऊ में मैच पसंद कर रही हैं। इस बार खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के पहले संस्करण का आयोजन ग्रीनपार्क में बीते साल 30 अगस्त से 16 सितंबर तक किया गया था।
इसमें 33 मुकाबले खेले गए थे। लीग के दौरान से अभी तक किराये को लेकर विवाद बना हुआ है। इस आयोजन में किराये के एवज में यूपीसीए को खेल विभाग को 10 करोड़ 31 लाख 25 हजार रुपये देने थे, जो अभी तक जमा नहीं हुए हैं।
नोएडा में बैठक कर रूपरेखा तैयार की
किराया माफ कराने के लिए यूपीसीए ने राज्य सरकार से प्रयास किया था़, तो सरकार ने यूपीसीए को राहत देते हुए 5.15 करोड़ रुपये जमा करने को कहा था, फिर भी धनराशि जमा नहीं हो सकी है। इस बार लीग को लेकर शुक्रवार को नोएडा में एपेक्स सदस्यों के साथ फ्रेंचाइजी व लीग के आयोजकों ने बैठक कर रूपरेखा तैयार की।
कानपुर में होटल व हवाई सुविधाएं कम
बैठक में आयोजन, खिलाड़ियों की नीलामी की तारीखें, टीमों की संख्या और खिलाड़ियों की संख्या पर चर्चा की गई। फ्रेंचाइजी ने भी ग्रीनपार्क के स्थान पर लखनऊ के इकाना को तवज्जो दी है, क्योंकि लखनऊ में होटल व हवाई सुविधाएं कानपुर की अपेक्षा बेहतर हैं।
इन वजहों से भी छिने मैच
ग्रीनपार्क को मैच न मिलने की वजह स्टेडियम की कम दर्शक क्षमता है। वर्तमान में यहां की दर्शक क्षमता 15 हजार ही मात्र है, इस पर खुद यूपीसीए और पीडब्लूडी ने मुहर लगाई है। शहर में होटल की कमी के कारण खिलाड़ियों, सपोर्टिंग स्टाफ और फ्रेंचाइजी मालिकों को रुकने में भी दिक्कत होती है।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में पिछले वर्ष काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। किराये को लेकर भी खेल विभाग ने यह साफ नहीं किया है कि 5.15 करोड़ रुपये ही जमा करने हैं या फिर और धनराशि देनी होगी। इसके अलावा फ्रेंचाइजी मालिक भी ग्रीनपार्क को लेकर पूरी तरह से सहमत नहीं हैं। -अंकित चटर्जी, सीईओ, यूपीसीए
इस बार यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करवाने के पूरे संकेत मिल रहे हैं। फ्रेंचाइजी भी लखनऊ में ही मैच को प्राथमिकता दे रही हैं। 30 जून को होने वाली बैठक के बाद लीग को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। -मोहम्मद फहीम, मीडिया प्रभारी, यूपीसीए