Ramnagariya Mela: अब तक नहीं हो पाए बिजली कनेक्शन, संतों ने किया कार्यालय का घेराव, ठेकेदार को सुनाई खरी-खोटी
Farrukhabad News: मेला श्री रामनगरिय में बिजली व्यवस्था न होने से संतों ने बिजली कार्यालय का घेराव किया। ठेकेदार बाबू सिंह ने संतों से जल्द की कनेक्शन देकर बिजली आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया।
विस्तार
फर्रुखाबाद मेला श्री रामनगरिया का शुभारंभ हुए चार दिन हो गए हैं। इसके बावजूद अभी तक संतों के क्षेत्रों में बिजली का कनेक्शन नहीं हो पाया है। गुस्साए संतों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर ठेकेदार को खरी-खोटी सुनाई। ठेकेदार ने जल्द ही बिजली मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
गुरुवार दोपहर वैष्णव संप्रदाय संत समिति मेला रामनगरिया के अध्यक्ष मोहनदास, गंगादास, फूलदास, विष्णु दास, अर्जुनदास आदि संत मेला कार्यालय पहुंचे। बिजली कार्यालय पर मौजूद ठेकेदार बाबू सिंह का घेराव कर लिया। अध्यक्ष ने कहा कि 13 जनवरी को मेले का उद्घाटन हुआ। इसके बावजूद अब तक अधिकांश स्थानों पर बिजली की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
वृद्धजनों को करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना
सर्दी में रात अंधेरे में कटती है। कल्पवास करने के लिए आए वृद्धजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ठेकेदार बाबू सिंह ने संतों से जल्द की कनेक्शन देकर बिजली आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने बताया कि बिजली का ठेका देर से होने के कारण अव्यवस्था हुई है। जल्द ही मेला क्षेत्र में बिजली के कनेक्शन करवाए जाएंगे।