Rain In Kanpur: एक घंटे की बारिश में उफनाए विभाग के दावे, जलभराव और जाम से जूझा शहर, अफसरों ने कही ये बात
Kanpur News: बारिश में अव्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने कहा कि नाले साफ होने की वजह से पहली बारिश में ज्यादा जलभराव नहीं हुआ। जूही खलवा पुल छोड़कर जहां-जहां सड़कों पर पानी भरा भी तो घंटे - दो घंटे में निकल गया।
विस्तार
कानपुर में घंटे भर हुई प्री मानसूनी बारिश ने नाला सफाई के दावों की पोल खोल दी हैं। कागजों में साफ किए नाले महज घंटे भर की बारिश से उफना गए। जूही खलवा पुल बंद हो गया। औद्योगिक क्षेत्र सहित कई मोहल्लों की सड़कों में पानी भर गया। पनकी औद्योगिक क्षेत्र में साइट नंबर - एक से पांच तक की ज्यादातर सड़कों में पानी भर गया। कई फैक्टरियों में भी पानी घुस गया जिससे लाखों का माल खराब हुआ।
नगर निगम ने करीब छह करोड़ रुपये से शहर के नालों, नालियों, गली पिटों की सफाई, सिल्ट उठान आदि कार्य कराए हैं। 95 प्रतिशत नाले, नालियों की सफाई का दावा भी किया है पर मानसून से पहले हुई 33 मिलीमीटर बारिश ने ही नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। मोतीझील के अशोकनगर चौराहा (गुरु गोविंद सिंह द्वार) और आसपास दो-ढाई फीट तक पानी भर गया।
वहां मंदिर के पास स्थित गली पिट चोक है। इसी तरह पांडुनगर, शास्त्रीनगर, स्वरूपनगर, गोविंदनगर सहित 50 से ज्यादा मोहल्लों में पानी भरा। सीओडी नाला सफाई के नाम पर खानापूरी की वजह से इससे जुड़े आरबीआई नाला, उस्मानपुर नाला सहित इससे जुड़े अन्य नाले भी लबालब हो गए। गंदा पानी सड़कों पर भर गया। जीटी रोड पर अफीमकोठी में जलभराव से डाकखाने में पानी घुस गया।
दोनों तरफ लगे बैरियर बंद कर यातायात रोका
जरीबचौकी रोड, बाबा सिंह का ढाल, गुटैया क्रॉसिंग, कल्याणपुर क्रॉसिंग के आसपास सड़क पर पानी भरने से घंटों आवागमन प्रभावित रहा। खलवा पुल में पानी भर गया। वहां ड्यूटी कर रहे नगर निगम कर्मियों ने पुल के दोनों तरफ लगे बैरियर बंद कर यातायात रोक दिया। वाहन सवार करीब चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर नयापुल या गोविंदपुरी पुल की तरफ से आने-जाने के लिए मजबूर रहे।ता, नगर निगम
नालों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
इस पुल में लगे संपवेल के तीनों पंपों को चलाया गया, तो छह घंटे बाद पानी निकल सका। सिल्ट होने से यहां कई कई दोपहिया वाहन फिसले। महापौर ने जोनवार टीम बनाकर नालों से अतिक्रमण हटाने को कहा कि पहली बारिश में ही जलभराव का पता चलते ही महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में आकस्मिक बैठक बुलाई।
लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने कार्यवाहक नगर आयुक्त मोहम्मद आवेश खान, सभी अपर नगर आयुक्तों, सभी जोनल अधिकारियों आदि से कहा कि 72 घंटे के लिए जोनवार टीम बनाकर नालों, नालियों से अतिक्रमण हटाया जाए। बड़े नालों में डेढ़-डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर सरिया की जाली लगाई जाएं, ताकि नालों में कूड़ा न फंसे। इस अभियान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मेट्रो की मनमानी से घरों में घुसा पानी
मेट्रो की मनमानी के कारण जूही बंबुरहिया में सड़कों के साथ घरों में भी गंदा घुस गया। पार्षद शालू कनौजिया ने बताया कि मेट्रो ने जूही हमीरपुर रोड में नाला पाटने के साथ ही सीवर लाइन भी बंद कर दी है, इससे दिक्कत हुई है। पनकी इंडस्टि्रयल एरिया में पानी भरने पर प्रोविंशियल इंड्रस्ट्रीडज एसोसिएशन के मनोज बंका ने नालों की ठीक से सफाई कराने की मांग की।
नाले साफ होने की वजह से पहली बारिश में ज्यादा जलभराव नहीं हुआ। जूही खलवा पुल छोड़कर जहां-जहां सड़कों पर पानी भरा भी तो घंटे - दो घंटे में निकल गया। जूही खलवा पुल में जल निगम की लापरवाही से पानी निकालने में ज्यादा वक्त लगा, क्योंकि वहां गहरी सीवर लाइन से भी पानी आ रहा था। जल निगम के जूही संपवेल के पांच में से तीन पंप खराब हैं। उनसे जल्द से जल्द पंप ठीक कराने को कहा है। -मनीष अवस्थी, मुख्य अभियंता