Kanpur Dehat: पॉलिटेक्निक छात्र की करंट से मौत, परीक्षा देने आया था मौसी के घर, परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार
डेरापुर में पंखा लगाते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर देहात के डेरापुर के अमौली कुर्मियान गांव में पंखे में उतरे करंट की चपेट में आकर पॉलिटेक्निक छात्र की मौत हो गई। इस अनहोनी पर परिजनों में कोहराम मच गया। भोगनीपुर के अंगूरी गांव निवासी रामकरन का बड़ा पुत्र प्रद्युम्न (24) कानपुर बर्रा-7 में ताई मीरा के यहां रहता था। वह सिकंदरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर रहा था। चौथे सेमेस्टर की परीक्षा देने के लिए वह एक सप्ताह पूर्व ही अमौली कुर्मियान में मौसी रूबी के घर आया था।
सोमवार को परीक्षा खत्म हो गई। इसी रात वह फर्राटा पंखा लगाकर चारपाई पर लेटा था। पंखा दूसरी ओर घूम गया तो प्रद्युम्न ने उसे ठीक करने लगा। इस दौरान करंट की चपेट में आने से वह बेहोश हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अनहोनी की सूचना पर पिता, मां रिंकी व छोटा भाई कन्हैया बिलखने लगे। पोस्टमार्टम से इनकार कर परिजन शव घर ले गए।
राजकीय पॉलिटेक्निक में हुई शोक सभा
सिकंदरा राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्र की मौत की खबर पर शिक्षक और सहपाठी सन्न रह गए। मंगलवार को पॉलिटेक्निक में प्रद्युम्न की आत्मा की शांति के लिए शोकसभा की गई। कार्यवाहक प्राचार्य अर्चना अनुरागी ने बताया कि वह होनहार छात्र था। हादसे से सभी को गहरा दुख है।