भोर के लुटेरों और पुलिस की मुठभेड़: एक को लगी गोली और दूसरा साथी फरार, लूट की कई घटनाओं से मचा रखी थी दहशत
साउथ सिटी में बाइक लुटेरे गैंग ने लूट की घटनाओं से दहशत मचा रखी है। डीसीपी साउथ ने धरपकड़ के लिए स्पेशल टीम लगाई थी। मंगलवार सुबह लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश के दौरान लुटेरों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
विस्तार
कानपुर में साउथ सिटी में भोर के समय ताबड़तोड़ हुईं लूट की घटनाओं के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मंगलवार तड़के एक लुटेरे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। इलाज के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
एडीसीपी साउथ मनीष सोनकर ने मंगलवार को डीसीपी साउथ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नौबस्ता निवासी अंशू वर्मा और करन सक्सेना उर्फ सुशील मंगलवार सुबह लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। बर्रा अर्रा रोड के पास पुलिस ने उन्हें रोका, तो तमंचे से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशू के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इस बीच उसका साथी करन फरार हो गया। बदमाश अंशू पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दस से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नीले रंग की बाइक से हुई पहचान
पुलिस के अनुसार लूट की अधिकांश घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की बाइक से बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखे थे। इसी आधार पर उनकी पहचान हुई। लूट की चेन बरामद नहीं की जा सकी, जो उन्होंने सुनार को बेचने की बात कबूली है।
लूट का माल बरामद करने का प्रयास जारी है। साथी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - मनीष सोनकर, एडीसीपी साउथ