उरई में भीषण आगजनी: शॉर्ट सर्किट से तीन दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान जला…डेयरी का सिलिंडर फटने से बचा
Orai News: इंदिरा नगर में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में इलेक्ट्रॉनिक, ऑटो पार्ट्स और दूध डेयरी समेत तीन दुकानों का चार लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद ने बताया कि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
विस्तार
उरई शहर के मोहल्ला इंदिरा नगर कुइया रोड पर गुरुवार देर रात हुई आगजनी में तीन दुकानों का सामान जलकर खाक हो गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग धीरे-धीरे फैलती हुई इलेक्ट्रॉनिक, ऑटो पार्ट्स और डेयरी तक पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी रामपाल अपनी राजपूत इलेक्ट्रॉनिक की दुकान बंद कर रात में घर चला गया था।
लगभग देर रात दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। तेज लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत रामपाल को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा, तब तक आग बगल में स्थित हीरो ऑटो पार्ट्स और पास की दूध डेयरी तक फैल चुकी थी। डेयरी में रखा फर्नीचर भी जलने लगा था। तीनों दुकानदार मौके पर पहुंचे और शटर खोलने पर अंदर आग भड़की हुई मिली। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
गैस सिलिंडर फटने से बचा
फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डेयरी में रखा गैस सिलिंडर नहीं फटा, वरना घटना और भी भयावह हो सकती थी। आग से राजपूत इलेक्ट्रानिक में लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि हीरो ऑटो पार्ट्स में 2.5 लाख रुपये का नुकसान, वहीं दूध डेयरी में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है।