सीएसजेएमयू विवाद: 160 किमी सफर के बाद मिल पाएंगे प्रश्नपत्र, 12 मई से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में होने वाली स्नातक और परास्नातक वार्षिक परीक्षाओं का विवाद खत्म नहीं हो रहा है। पहले प्रश्नपत्र डाकघर से मिलने का निर्देश, फिर नोडल सेंटर बनाए जाने की बात। अब विवि द्वारा 80 किमी दूर सेंटर्स बनाए जाने से केंद्र व्यवस्थापक परेशान हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छत्रपति शाहू जी महाराज विवि की वार्षिक परीक्षाओं के पेपर नोडल सेंटर से मिलने हैं। विवि ने नोडल सेंटर की सूची जारी की है, जिसमें गड़बड़ी सामने आई है। कई परीक्षा केंद्रों के नोडल सेंटर 80 किमी तक दूर बना दिए गए हैं। पेपर को ले जाने और वापस आने में 160 किमी की दूरी तय करनी होगी। इससे केंद्र व्यवस्थापक परेशान हैं।
केंद्र व्यवस्थापकों ने की शिकायत
श्री ठाकुर जी महाराज महाविद्यालय बिल्हौर में है और उसका नोडल सेंटर 80 किमी दूर अकबरपुर माती में बना दिया गया है। दो पाली में पेपर होंगे। अब कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक यानी प्राचार्य को दो बार में पेपर लाने में 320 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। ऐसे में समय से परीक्षा को शुरू कराने में काफी समस्याएं सामने आएंगी महाविद्यालय के प्राचार्य ने यह शिकायत विवि प्रशासन से की है। उन्होंने नोडल सेंटर को शिवराजपुर करने की मांग की है। उनके अलावा भी कई केंद्र व्यवस्थापकों ने नोडल सेंटर के अधिक दूरी पर होने की शिकायत की है।
विवि में 12 मई से स्नातक और परास्नातक की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। अभी तक पेपर प्रधान डाकघर से मिलने थे पर गुरुवार को विवि प्रशासन ने नोडल सेंटर से पेपर देने की बात कही थी। देर शाम इन सेंटर की सूची जारी की गई तो अधिक दूरी पर सेंटर होने की बात सामने आई। केंद्र व्यवस्थापकों का कहना है कि आने-जाने में ही काफी समय बर्बाद हो जाएगा, ऐसे में परीक्षा को समय से शुरू कराने में दिक्कत होगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एके मिश्र का कहना है कि कॉलेज अपनी परेशानी बताएं, समस्या का समाधान किया जाएगा।