नगर निकाय चुनाव: भाजपा से महापौर प्रत्याशी की दौड़ में डाॅक्टर, इंजीनियर, शिक्षिका भी
नगर निकाय चुनाव में महिला सीट होने की वजह से पिछले एक सप्ताह के अंदर ऐसे कई नाम सामने आए हैं, जो भाजपा की सक्रिय राजनीति में नहीं हैं। इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिका, कारोबारी और उद्यमी शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर अगले तीन-चार दिनों में अधिसूचना जारी होने की संभावना है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी में महापौर पद के लिए टिकट पाने की होड़ भी तेज हो गई है। इस बार भी महिला सीट होने की वजह से पिछले एक सप्ताह के अंदर ऐसे कई नाम सामने आए हैं, जो भाजपा की सक्रिय राजनीति में नहीं हैं। इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिका, कारोबारी और उद्यमी शामिल हैं।
ऐसी महिलाओं की चर्चा महानगर से निकलकर प्रदेश स्तर पर पार्टी की बैठकों व कार्यालयों में भी होने लगी है। इसके अलावा भाजपा की सक्रिय राजनीति भी कई ऐसी महिलाएं हैं, जो मेयर प्रत्याशी का टिकट पाने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इसका फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लिया जाएगा लेकिन नाम आगे बढ़ाने की शुरुआत जिले और क्षेत्र से ही होगी। इस वजह से जिले, क्षेत्रीय इकाई से लेकर प्रदेश स्तर तक सभी की ओर से आवेदन दिए जाने लगे हैं।
अभी तक करीब 15 महिलाओं के आवेदन आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि इन महिलाओं को लेकर पार्टी के जनप्रतिनिधि भी बंटे हुए हैं। हर कोई किसी न किसी के समर्थन में खड़ा है। पता चला है कि इन सभी महिला दावेदारों के विषय में पार्टी की ओर से भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह देखा जा रहा है कि इनमें से पार्टी को कौन सबसे बड़ी जीत दिला सकता है। यह भी पता चला है कि अधिसूचना जारी होने के बाद ही प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। भाजपा यह भी देखेगी कि कांग्रेस से कौन प्रत्याशी मैदान में आ रहा है।