गूगल मैप से जाम की निगरानी: केंद्र में बैठी पुलिस गोपनीय कैमरों से करेगी चालान, चार जोन में बांटा गया कानपुर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यह व्यवस्था कुछ दिन पहले ही शुरू हुई है। वहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए शहर में कुछ गोपनीय कैमरे लगाए गए हैं। इनके जरिये फोटो यातायात प्रवर्तन केंद्र को भेजी जा रही हैं। वहां बैठीं महिला पुलिसकर्मी चालान कर रही हैं। ट्रैफिक को लेकर अमर उजाला लगातार अभियान चला रहा है।
इसे संज्ञान में लेकर पुलिस अफसरों ने कई कवायदें की हैं। इसी के तहत पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने गुरुवार को यातायात प्रवर्तन केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि अक्सर लोग प्रमुख चौराहों या सिर्फ उन जगहों पर ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं, जहां कैमरे लगे हैं। इसलिए नई व्यवस्था शुरू की गई है।
गली-मोहल्लों और अन्य सड़कों पर मौजूद पुलिसकर्मी नियमों का उल्लंघन करने वालों की फोटो खींचकर प्रवर्तन केंद्र को भेजते हैं, जहां से चालान किए जा रहे हैं। कुछ जगहों पर गोपनीय कैमरे लगाए गए हैं, जिनका कंट्रोल आईटीएमएस से है। इससे भी फोटो प्रवर्तन केंद्र पहुंच रही हैं। इन गोपनीय कैमरों के स्थान बदलते रहेंगे।
ट्रैफिक के लिहाज से शहर को चार जोन में बांटा गया है। पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और हाईवे जोन बनाए गए हैं। प्रवर्तन केंद्र पर भी इन चारों जोन के हिसाब से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संबंधित पुलिसकर्मी अपने-अपने जोन के पुलिसकर्मियों को फोटो और डिटेल भेजते हैं। वो उसी आधार पर चालान करती हैं। प्रवर्तन केंद्र पर 15 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
न किसी से विवाद न बहस
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अक्सर चालान को लेकर पब्लिक और पुलिस की नोकझोंक होती रहती थी। भ्रष्टाचार के भी आरोप लगते थे। तकनीक के इस्तेमाल से ये नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को पुलिसकर्मी न रोक रहे हैं और न ही कुछ कह रहे। एक फोटो क्लिक कर चालान कर रहे हैं। इसमें समय भी कम लग रहा है। अपील की कि लोगों को सिग्नल देखकर रुकना और चलना होगा। अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
यातायात व्यवस्था और प्रवर्तन कार्रवाई को पूरी तरह से ऑनलाइन मोड में लाया जा रहा है। इसके लिए यातायात प्रवर्तन केंद्र की स्थापना की गई है। उम्मीद है कि ट्रैफिक में सुधार के साथ भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।
असीम अरुण, पुलिस कमिश्नर