BJP विधायक के बेटों का आतंक, दहशत में इलाके के लोग
-रंगदारी न देने पर भाजयुमो नेता ने साथियों के साथ मैनेजर को पीटा और हवाई फायरिंग की
-विधायक के दोनों बेटों व भाजयुमो नेता व पांच अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिबियापुर स्थित गेल में पावर सप्लाई का काम करने वाली कंपनी ग्लोबल एसएस के पार्टनर व मैनेजर अब्दुल अजीज ने एसपी से शिकायत की है। इसमें आरोप लगाया कि दिबियापुर से भाजपा विधायक लाखन सिंह राजपूत के बेटे उमेश व श्याम उससे माहभर से एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। मना किया तो उसे बुलाकर धमकाया। अब्दुल अजीज ने बताया कि उसके पास विधायक के बेटे द्वारा धमकाए जाने का आडियो भी है।
मैनेजर के मुताबिक मंगलवार दोपहर वह कार से गेल के पाता प्लांट पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइकों पर आए भाजयुमो नेता टीटू यादव व उनके पांच साथियों ने उसे घेर लिया। कार से घसीटकर मारपीट की। चिल्लाने पर इन लोगों ने हवाई फायरिंग की।
किसी तरह वह कार तक पहुंचा और जान बचाकर भाग निकला। एसपी ने मामले की गंभीरता देखते हुए फफूंद थानाध्यक्ष को रिपोर्ट लिखने के निर्देश दिए। मैनेजर की तहरीर पर फफूंद थाने में विधायक के दोनों पुत्र श्याम, उमेश व भाजयुमो नेता टीटू यादव व अन्य पांच अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके बाद एसपी संजीव त्यागी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि विधायक के बेटे की रंगदारी मांगने की आडियो की जांच की जाएगी। उसके बाद गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विधायक लाखन सिंह राजपूत का कहना है कि टीटू यादव से उसका कोई लेना देना नहीं है। वह उसे पसंद तक नहीं करते हैं। जानबूझ कर उसके बेटों का नाम शामिल किया जा रहा है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष की भी भूमिका
दिबियापुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वेश भदौरिया के खिलाफ वीडियो वायरल करने में दिबियापुर में रिपोर्ट दर्ज हुई है। इस मामले में भी सर्वेश भदौरिया का नाम आ रहा है। खुद एसपी संजीव ने सर्वेश भदौरिया का नाम लेकर इस मामले में भी जांच कराने की बात कही है।