Mahoba: भाई-बहन पर कच्चे मकान की दीवार गिरी, भाई की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
यूपी के महोबा में दर्दनाक हादसा हुआ। भाई-बहन पर कच्चे मकान की दीवार गिर पड़ी। हादसे में भाई ने दम तोड़ दिया। जबकि बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्तार
महोबा जिले में चरखारी कोतवाली चरखारी के जतौरा गांव में दुकान से टॉफी खरीदने जा रहे भाई-बहन पर कच्चे मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से तीन वर्षीय मासूम भाई की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल बहन को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। जतौरा गांव निवासी राजकुमार की पुत्री दिव्या (06) अपने भाई राज (03) के साथ बुधवार की दोपहर किराना दुकान से टॉफी व बिस्किट लेने जा रही थी।
तभी गांव के सरजू प्रसाद के मकान की कच्ची दीवार ढह गई। जिससे भाई-बहन दीवार के नीचे दब गए जबकि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। बाद में ग्रामीणों ने मलबे में दबे भाई-बहन को बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने राज को मृत घोषित कर दिया जबकि दिव्या की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया।
सूचना पर तहसीलदार कृष्णराज सिंह, चौकी प्रभारी हरिशंकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। राजकुमार के दो पुत्र व एक पुत्री है। सबसे बड़ा पुत्र अंशू नौ वर्ष का है जबकि मृतक राज सबसे छोटा था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश से कच्चे मकानों में सीलन आने से घटनाएं हो रही हैं।