Mahoba Accident: चंद्रावल नदी के रपटे में गिरा ऑटो, चालक की दबकर मौत और यात्री घायल, यातायात रहा प्रभावित
Mahoba News: खन्ना थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ऑटो नदी के रपटे में गिर गया। हादसे में चालक की दबकर मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद लगभग एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
विस्तार
महोबा जिले में खन्ना थाना क्षेत्र के मवईखुर्द गांव के बाहर से निकली चंद्रावल नदी के रपटे में अनियंत्रित ऑटो पलट गया। ऑटो नदी में गिरने से चालक की दबकर मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र होने से करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के पुरा गांव निवासी रामलखन यादव (35) ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार की रात करीब दस बजे रामलखन गांव के ही मुकेश (32) के साथ मवईखुर्द से घर वापस लौट रहा था। तभी चंद्रावल नदी में बने रपटे में ऑटो अनियंत्रित होकर गिर गया।
चालक नीचे दब गया, जबकि साथ में बैठे मुकेश ने किसी तरह बाहर निकल जान बचाई। मुकेश अंदाजा नहीं लगा पाया कि चालक ऑटो के नीचे ही दबा है और वह घर चला गया। बुधवार सुब जब लोगों ने नदी में ऑटो पड़ा देखा, तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ऑटो बाहर निकलवाया, तो चालक रामलखन की मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
घटना की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। इससे करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। घटना से मृतक की पत्नी प्रतिमा, दो बेटों कृष्ण कुमार व कन्हैया का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश ने बताया कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।