Hamirpur: हार्ट अटैक से हुई प्रेमी की मौत, खबर पाकर प्रेमिका भी फंदे में झूली, परिजनों में कोहराम…जांच शुरू
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी की मौत की खबर पाकर प्रेमिका ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी की मौत की खबर पाकर प्रेमिका ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आनन फानन में उसे फंदे से उतर कर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कस्बे के बसंत नगर निवासी पंकज यादव (25) पुत्र मानसिंह को 11 दिसंबर को हार्टअटैक पड़ा था। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था।
यहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की रात मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार को तड़के कस्बे में लाया गया। जैसे यह सूचना उसकी प्रेमिका आशी (22) उर्फ रोहणी को पता चली, तो उसने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आशी को फंदे पर लटकता देखकर परिजनों ने उसे उतारकर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कर दिया था
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बता दें कि बीते करीब 10 माह पूर्व आशी ने पंकज से शादी करने के लिए थाने में आकर जमकर हंगामा किया था। लेकिन पंकज शादीशुदा होने के चलते तैयार नहीं हुआ, जबकि आशी शादी के लिए अड़ी रही। इसके बाद में परिजनों के दबाव में आकर उसने पंकज के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कर दिया था।
दोनों का प्रेम परवान चढ़ता रहा
जमानत के बाद पंकज बाहर था, लेकिन दोनों का प्रेम परवान चढ़ता रहा। पंकज अपने पीछे पत्नी पुष्पा उर्फ़ गुड़िया व तीन माह के पुत्र अनमोल को रोता बिलखता छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।