Kanpur: दीपावली पर केडीए देगा शहरवासियों को तोहफा, मिलेगा फोर स्टार होटल और कॉमर्शियल मॉल, जल्द होगी निलामी
Kanpur News: सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों भवनों का निर्माण पूरा हो गया है। कुछ इंटीरियर वर्क कराया गया है, जबकि शेष इंटीरियर अपनी पसंद के हिसाब से कराएंगे। इसलिए होटल और शॉपिंग मॉल कम ऑफिस को जहां है, जैसा है के आधार पर ई-नीलाम किया जाएगा।
विस्तार
दीपावली पर केडीए शहरवासियों को फोर स्टार होटल और मल्टीप्लेक्स युक्त कॉमर्शियल मॉल का तोहफा देगा। यह शहर का इस श्रेणी का पहला आलीशान होटल होगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने विकासनगर स्थित सिग्नेचर ग्रीन के बगल में स्थित होटल परिसर व शॉपिंग मॉल कम ऑफिस का निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए।
इससे पहले केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने दोनों परिसरों की कॉस्टिंग कमेटी की बैठक की। उन्होंने दोनो भवनों को दीपावली पर लांच करने के लिए अभियंत्रण और विक्रय अनुभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों भवनों का निर्माण पूरा हो गया है।
कुछ इंटीरियर वर्क कराया गया है, जबकि शेष इंटीरियर अपनी पसंद के हिसाब से कराएंगे। इसलिए होटल और शॉपिंग मॉल कम ऑफिस को जहॉ है जैसा है, के आधार पर ई-नीलाम किया जाएगा। बताया कि रोशनी के इस त्यौहार में 273 लोगों का विकसित मोहल्लों में आशियाने का सपना भी पूरा होगा।
नौ मंजिला होटल में हैं 150 कमरे
करीब 9000 वर्गमीटर में बने नौ मंजिला 4 स्टार होटल में 150 कमरों के साथ-साथ कॉन्फ्रेंस हॉल, तीन बैंक्वेट हॉल, लिफ्ट का प्रावधान है। इसी तरह करीब 14000 वर्गमीटर में नवनिर्मित शॉपिंग मॉल कम ऑफिस आठ मंजिल का है, जिसके प्रथम चार तलों पर शॅापिंग मॉल है, जिसमें लगभग 160 दुकानें हैं। पांचवें से आठवें तल तक ऑफिस का प्रावधान है।
छत पर चार मिनी थियेटर
शॉपिंग मॉल कम ऑफिस में 10 लिफ्ट, 4 एस्कलेटर के साथ-साथ टैरेस पर 50 लोगों के बैठने के लिए चार मिनी थियेटर हैं। होटल व शॉपिंग मॉल में दो-दो फ्लोर अंडर ग्राउंड पार्किंग भी है जिसमें लगभग 200 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है।