Kanpur: प्लाॅट कब्जे के विवाद में यू-ट्यूबर समेत 10 पर केस; वृद्धा से अभद्रता, मारपीट का गंभीर आरोप
Kanpur News: हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में प्लॉट पर निर्माण कार्य का विरोध करने पहुंची वृद्धा ने यू-ट्यूबर समेत 10 लोगों पर मारपीट, अभद्रता और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने वृद्धा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़ेपुर इलाके में प्लाॅट पर कब्जे के विवाद में दबंगई का मामला सामने आया है। प्लाॅट पर जबरन निर्माण का विरोध करने पहुंची एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने यू-ट्यूबर समेत 10 लोगों के खिलाफ रंगदारी, छेड़छाड़ और मारपीट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्लाॅट पर जबरन निर्माण का विरोध करने पर हुआ हमला
मामला अर्रा गांव निवासी एक वृद्धा से जुड़ा है। पीड़िता के अनुसार, एटा निवासी उनके दामाद का खाड़ेपुर में करीब 60 वर्गगज का एक प्लाॅट है, जिसकी देखरेख का जिम्मा वह स्वयं संभालती हैं। आरोप है कि बीते 29 जून को इलाके का रहने वाला आयुष साहू अपने पिता रविंद्र साहू, सरिता साहू, दीपक साहू, उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा ठाकुर और यू-ट्यूबर गौरव कुशवाहा तथा तीन-चार अन्य अज्ञात साथियों के साथ प्लाॅट पर पहुंचा और अवैध निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जब वृद्धा को इसकी जानकारी हुई, तो वह मौके पर पहुंचीं और निर्माण रोकने को कहा।
गाली-गलौज कर डंडों से पीटा, कपड़े फाड़े
निर्माण कार्य रुकवाने से गुस्साए आरोपियों ने आपा खो दिया और पीड़िता को घेरकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर बुजुर्ग महिला को लहूलुहान व घायल कर दिया। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने महिला के साथ सरेराह अभद्रता करते हुए उनके कपड़े भी फाड़ दिए। किसी तरह जान बचाकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पुलिस ने 10 आरोपियों पर दर्ज की एफआईआर
मामले में हनुमंत विहार थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित वृद्धा की तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात समेत 10 आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने रंगदारी मांगने, लज्जा भंग करने, मारपीट और बलवा करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।