Kanpur: युवक की गंगा में डूबकर मौत, दोस्तों संग घूमने आया था बिठूर, गोताखोरों ने दो घंटे बाद निकाला शव
Kanpur News: बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर गंगा स्नान के दौरान उरई निवासी राहुल प्रजापति डूब गए, जिनकी मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।
विस्तार
कानपुर में बिठूर थाना क्षेत्र के ब्रह्मावर्त घाट पर रविवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में उरई निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ बुलेट से बिठूर घूमने और गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो साथियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया। उरई के रामपुरा निवासी राहुल प्रजापति (30) एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। परिवार में पत्नी, बच्चे और माता-पिता हैं। पिता मोतीलाल वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे राहुल अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे।
दो घंटे बाद गोताखोरों ने शव बाहर निकाला
चारों दोस्त बुलेट बाइक से बिठूर पहुंचे और ब्रह्मावर्त घाट पर गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान राहुल अचानक तेज बहाव में बह गए। दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और बिठूर पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने राहुल का शव गंगा से बाहर निकाला।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे उरई से बिठूर के लिए रवाना हो गए। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि उरई निवासी युवक अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान तेज बहाव में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों को सूचना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।