विश्व मृदा दिवस: TA बटालियन ने चलाया स्वच्छता अभियान, गंगा टास्क फोर्स ने दिलाई मृदा संरक्षण की शपथ
Kanpur News: महुआगांव स्थित मां फूलमती सरस्वती एजुकेशन सेंटर में विश्व मृदा दिवस पर भारतीय सेना की गंगा टास्क फोर्स ने बच्चों को मिट्टी की जैव उर्वरता के खतरे से अवगत कराया। साथ ही, परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर उन्हें गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई।
विस्तार
कानपुर में सरसौल ब्लॉक के महुआगांव स्थित मां फूलमती सरस्वती एजुकेशन सेंटर में विश्व मृदा दिवस के अवसर पर भारतीय सेना की 137 सीईटीएफ टीए बटालियन 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मृदा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर जोर दिया गया।
नायब सूबेदार रणबीर रौतेला ने कहा कि मिट्टी जीवन के लिए सबसे जरूरी प्राकृतिक संपदा है, जिस पर होने वाला आघात हर किसी के जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि मिट्टी की जैव उर्वरता और सूक्ष्मजीवों का जीवन खतरे में है, जिससे खाद्य सुरक्षा पर्यावरण और जल चक्र पर गंभीर असर पड़ सकता है।
परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी असंतुलित खेती रसायनों का अंधाधुंध प्रयोग और प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग मिट्टी की गुणवत्ता को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी कारण हर साल विश्व मृदा दिवस मनाकर लोगों को जागरूक किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और बच्चों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।