Kanpur Weather Update: अब बढ़ेगी गर्मी! पारा 37.8 डिग्री...गर्मी 40 वाली, अभी बारिश के संकेत नहीं, ये है अलर्ट
Weather Update: कानपुर में बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अब अगर कोई बड़ा मौसमी उलटफेर नहीं हो हुआ, तो मानसून की बारिश ही भिगोएगी। वहीं, अब गर्मी झेलने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है।
विस्तार
कानपुर में मई महीने की शुरुआत में बारिश होने से सप्ताह भर मौसम सुहावना रहा। लेकिन अब उमस भरी गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बार अंतर यह है कि निर्धारित तापमान की अपेक्षा धूप और हवा में जलन उससे कहीं ज्यादा महसूस हो रही है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा में जलन इस तरह से महसूस हो रही थी, जैसे तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार जल्द मौसम बदलेगा।
उन्होंने बताया कि देश के समुद्र तटीय क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिनों में आने वाले चक्रवात से मौसम में बदलाव होगा। हालांकि महानगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में इसका प्रभाव बहुत कम रहेगा। धूप के बीच बादल रहने की संभावना है, लेकिन उमस और गर्मी का असर जारी रहेगा।
लगातार बढ़ रही है भीषण गर्मी
डॉ. पांडेय के अनुसार इस के मौसम में नई बदलाव यह देखने को मिल रहा है कि सुबह 10 बजे से ही दोपहर जैसी धूप होने लगी है। इसकी वजह से हवा में जलन और उमस भी बढ़ रही है। नमी की वजह से तापमान अधिक ऊपर भले नहीं जा पा रहा है, लेकिन गर्मी लगातार बढ़ रही है।
मई में अब तक इस तरह रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- 1 को 29.6
- 2 को 29.5
- 3 को 32.8
- 4 को 30.4
- 5 को 33.0
- 6 को 35.6
- 7 को 37.2
- 8 को 36.0
- 9 को 38.8
- 10 को 37.8
नहीं दिखेगा ‘मोचा’ तूफान का असर
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी मे मोचा तूफान भयंकर रूप ले रहा है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि, प्रदेश में इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा।
अगले 24 घंटे के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्ट यूपी के कुछ शहरों में बादल छाए रहेंगे। कानपुर, लखनऊ समेत कुछ शहरों में तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं है। ज्यादातर शहरों के अधिकतम पारे में वृद्धि होगी। कानपुर में पारा 36 डिग्री से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहां पारा अब फिर से 40 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा।