Kanpur Weather Update: बिपरजॉय चक्रवात की दस्तक! तेज हवा के साथ बूंदाबांदी...भभक उठी गर्मी, पढ़ें मौसम का अपडेट
Weather News: कानपुर में मंगलवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं रुक-रुककर बारिश भी हो रही है। सोमवार को तापमान तीन डिग्री लुढ़का, लेकिन पांच प्रतिशत नमी बढ़ने से उमस ने परेशान किया।
विस्तार
कानपुर में बिपरजॉय चक्रवात का असर सोमवार को दोपहर बाद देखने को मिला। करीब 15 किमी की रफ्तार से हवा चली और घने बादल छा गए। शहर के कुछ हिस्सों में हुई बूंदाबांदी से गर्मी और भभक उठी। कूलर और पंखे चलने के बावजूद लोगों को बेचैनी महसूस हुई।
इस बीच बादल होने से दिन के तापमान में तीन डिग्री की कमी जरूर आई, लेकिन हवा में नमी पांच प्रतिशत बढ़ गई। अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार बिपरजॉय चक्रवात के असर से मौसम में बदलाव आया है।
20 जून से यह और तेजी पकड़ सकता है। ऐसे में मंगलवार सुबह से ही बारिश और तेज हवा चल सकती है। बताया कि गर्मी और उमस अभी बनी रहेगी। रात के समय बादल होने से उमस बढ़ सकती है। अगले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को फिलहाल सिचाई करने से मना किया है।
तेज हवा के साथ बिजली गिर सकती है
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले तीन दिनों के बीच मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर सहित कन्नौज, हरदोई, हमीरपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, हमीरपुर के अलावा बुलंदशहर, संभल, मैनपुरी में अगले तीन दिनों के बीच 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने के साथ, तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
तेज बारिश की भी है संभावना
कानपुर और आसपास के जिलों में सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला है, जिसके चलते आम लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी सी राहत मिली है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज रात कानपुर नगर और कानपुर देहात सहित अन्य कई जिलों में बारिश आने की संभावना है।