Kanpur: उर्सला में रोगी से पैसे मांगने का मामला, शासन ने मांगा स्पष्टीकरण…सीएम कार्यालय से आया पत्र
Kanpur News: निदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल ने बताया कि शासन की ओर से मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश मिले हैं। हमने इसे लेकर कमेटी पहले से ही बना दी थी। कमेटी को गुरुवार को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द सभी के बयान दर्ज कर रिपोर्ट बनाएं।
विस्तार
कानपुर के उर्सला अस्पताल में रोगियों से पैसे लेने के मामले पर शासन ने जवाब तलब किया है। सीएम कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर अस्पताल प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पत्र में लिखा है कि एक सप्ताह के अंदर मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजी जाए। पत्र आने पर गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन में काफी हलचल रही।
अस्पताल में हड्डी रोगियों से सर्जरी और इम्प्लांट के नाम पर पैसा लेने की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद उर्सला के निदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी थी। अब सीएम कार्यालय ने अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं गठित कमेटी ने गुरुवार को उन रोगियों की सूची तैयार की है जिन्होंने पैसे लिए जाने की बात कही है।
रोगियों को बयान दर्ज करने के लिए बुलाएंगे
उन रोगियों के घर में पत्र भेजकर उनको जांच के लिए बुलाया जाएगा और उनके बयान अस्पताल में दर्ज कराए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी पाल की अध्यक्षता में बनी कमेटी में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र तिवारी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीप्रकाश, सर्जन डॉ. बीके सिंह सदस्य हैं। डॉ. पाल ने बताया कि रोगियों को पत्र भेजकर उन्हें बयान दर्ज करने के लिए बुलाएंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।