कानपुर: नशा तस्कर के घर में छापा, 10 किलो गांजा और 100 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी 'कपाली' को किया गिरफ्तार
Kanpur News: काकादेव थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चर्चित नशा तस्कर आलोक सैनी उर्फ कपाली के घर छापा मारा। गीता नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित उसके मकान से पुलिस ने 10 किलो गांजा और 100 ग्राम स्मैक बरामद की है।
विस्तार
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच और काकादेव पुलिस ने चर्चित नशा तस्कर आलोक सैनी उर्फ कपाली के घर छापा मारा। भारी पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई में पुलिस ने 10 किलो गांजा और करीब 100 ग्राम स्मैक बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से नौ मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के गीता नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित घर पर मादक पदार्थ रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में टीम ने एसीपी स्वरूप नगर और काकादेव पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। तलाशी के दौरान गांजा और स्मैक बरामद हुई।
अन्य आरोपियों की भी पड़ताल जारी
पुलिस ने आलोक सैनी उर्फ कपाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बरामद मादक पदार्थ कहां से आया था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जाती थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पड़ताल कर रही है।