Kanpur: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी वेस्ट ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, दिए ये निर्देश
Kanpur News: सावन मास व कावड़ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस उपायुक्त पश्चिम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
विस्तार
कानपुर में मंगलवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी द्वारा सावन मास और कावड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए खेरेश्वर मंदिर परिसर में कावड़ यात्रा समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने कावड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
कावड़ समिति से संवाद और सहयोग की अपील
डीसीपी वेस्ट के द्वारा कावड़ यात्रा समिति के सदस्यों से संवाद कर त्योहार के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
गंगा घाट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
पुलिस उपायुक्त पश्चिम द्वारा शिवराजपुर क्षेत्रान्तर्गत सरैया गंगा घाट का निरीक्षण कर घाट की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने घाट किनारे बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, विद्युत आपूर्ति की उपयुक्त व्यवस्था, पार्किंग और यातायात नियंत्रण आदि बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।