Kanpur Theft: पुलिस बाहर बजाती रही हूटर, चोरों ने घर से पार कर दिया लाखों का माल, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
Kanpur News: सचेंडी इलाके में पुलिस की गश्त के दौरान चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोरों ने अलमारी तोड़कर 10 तोला सोना, आधा किलो चांदी और छह लाख रुपये नकद पार कर दिए।
विस्तार
कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा घनश्याम में पुलिस घर के बाहर हूटर बजाती रही, जबकि चोर अंदर से घुस कर लाखों का पार कर ले गए। सुबह परिवार की आंख खुली, तो सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। वहीं, अलमारी में रखा 10 तोला सोना, छह लाख नगदी और आधा किलो चांदी के जेवर गायब मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो तीन नकाबपोश चोरों की फुटेज कैद हुई।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। कटरा घनश्याम निवासी सुरेंद्र सिंह पत्नी माया देवी, छोटे बेटे हेमंत, बहू रोशनी के साथ रहते हैं। जबकि दो अन्य बेटों वीरेंद्र और शैलेंद्र का परिवार घर के बगल में रहता है। बेटे हेमंत ने बताया कि मंगलवार रात पिता सुरेंद्र और वह नाइट ड्यूटी पर गए थे। घर में मां, जबकि पत्नी और भतीजी प्रिंशी छत पर सो रही थीं।
अलमारियों के लॉक टूटे मिले
सुबह करीब पांच बजे मां माया देवी की नींद खुली, तो घर के दो कमरों के दरवाजे टूटे हुए थे। अंदर पहुंचने पर अलमारियों के लॉक टूटे मिले। अंदर करीब 10 तोला सोने के गहने, आधा किलो चांदी के गहने और खेत बेचने के बाद मिले छह लाख रुपये नगद गायब थे। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस बोली- सीसीटीवी कैमरों में दिखे चोर
हेमंत ने बताया कि घर और पड़ोस में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। फुटेज चेक करने पर देर रात एक बजे तीन नकाबपोश संदिग्ध घर में घुसते कैद हुए हैं। इसी दौरान कैमरे में सायरन सुनाई दे रहा है। कुछ देर बाद पुलिस की गाड़ी भी गुजरती हुई कैद हुई है।