कानपुर: चकेरी पुलिस और सर्विलांस टीम की छापा, 2.5 कुंतल अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद, मैनेजर गिरफ्तार
Kanpur News: चकेरी पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने एक गोदाम में अवैध रूप से भंडारण किए गए करीब 2.5 कुंतल आतिशबाजी का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से गोदाम के प्रोडक्शन मैनेजर वसीम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू उर्फ फैज अभी फरार है।
विस्तार
आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अवैध पटाखों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानपुर की चकेरी पुलिस और सर्विलांस पूर्वी जोन टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने लालबंगला क्षेत्र में राजेश दाल मिल के पीछे बने एक गोदाम में छापा मारकर 2.5 कुंतल अवैध आतिशबाजी बरामद की है।
थाना चकेरी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जाजमऊ चौराहे चौकी लालबंगला के पास स्थित राजेश दाल मिल के गोदाम के पीछे बेल्ट निर्माण गोदाम के तीसरे तल पर भारी मात्रा में अवैध पटाखे डंप किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान गोदाम के अंदर 10 बड़े गत्ते के कार्टनों में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित और भारी मात्रा में विस्फोटक पटाखे बरामद हुए।
सरगना सोनू उर्फ फैज की तलाश में जुटी पुलिस
मौके पर मौजूद गोदाम के प्रोडक्शन मैनेजर से जब लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से गोदाम के प्रोडक्शन मैनेजर वसीम निवासी परेड को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वसीम ने खुलासा किया कि यह सारा माल उसके रिश्तेदार सोनू उर्फ फैज निवासी मूलगंज ने आगामी दीपावली पर ऊंचे दामों पर बेचने के लिए रखवाया था। पुलिस ने अभियुक्त वसीम के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।