कानपुर: नशे की हालत में तालाब में कूदा अधेड़, पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम, दूसरे भी तलाश जारी
Kanpur News: घाटमपुर कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में शनिवार देर रात नशे की हालत में अधेड़ तालाब में कूद गए। पत्नी से विवाद के बाद हुए इस घटनाक्रम में पड़ोसियों ने उन्हें एक बार बाहर भी निकाला था, लेकिन वह दोबारा तालाब में कूद गए और दलदल में डूब गए।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर कस्बे में शनिवार की देर रात एक अधेड़ नशे की हालत में तालाब में कूद गए। जब तक पड़ोसी बचाने के लिए दौड़े तब तक वह तालाब के दलदल में डूब गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आई, जो रविवार को पूरे दिन तलाश में जुटी रही, लेकिन अधेड़ का कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान एसडीएम व तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।
गांधी नगर मोहल्ला निवासी वर्षीय सत्यनारायण (55) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। देर रात पत्नी घसीटी देवी से किसी बात को लेकर विवाद होने पर वह घर के सामने स्थित तालाब में कूद गए। इस दौरान परिजनों ने शोर मचाया, तो पड़ोसी अनिल और दिनेश ने उन्हें तालाब से बाहर निकाला। इसके कुछ देर बाद वह तालाब में दोबारा कूद गए। परिजनों का शोर सुनकर जब तक पड़ोसी पहुंचे तब तक वह तालाब के दलदल में डूब चुके थे।
अधेड़ की तलाश जारी है
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते मौके पर आई पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने खोजबीन शुरू की। लेकिन अधेड़ का का कोई पता नहीं चला। तालाब में खर पतवार भी खोजबीन में बाधक बना रहा। रविवार सुबह पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ नगर पालिका की टीम ने तालाब में खड़े खर पतवार को जेसीबी से हटाना शुरू किया, तो परिजनों और पड़ोसियों ने सफाई के पहले अधेड़ को ढूंढने की बात कही। फिलहाल तलाश जारी है।
पीएसी और एनडीआरएफ की टीम को दी सूचना
एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तालाब में खर पतवार अधिक होने के चलते पानी दिखाई नहीं दे रहा है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। पीएसी और एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है।वहीं घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सरोज कुरील मौके पर पहुंची, उन्होंने अधिकारियों से हर संभव प्रयास करने के साथ अधेड़ को तलाशने की बात कही। उन्होंने नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी महेंद्र कुमार को तालाब की साफ सफाई कराने को कहा है।