Kanpur: तांत्रिक क्रिया के साथ मां काली की प्रतिमा को किया खंडित, स्थानीय लोगों में आक्रोश…दो आरोपी गिरफ्तार
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में अराजकतत्वों ने मां काली की मूर्ति को खंडित कर दिया। इसमें प्रतिमा का एक हाथ क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना की जानकारी होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में मां काली मंदिर में भोर पहर लगभग चार बजे काली प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों द्वारा दो अधेड़ व्यक्तियों को मंदिर के अंदर से ही पकड़ा गया, जिसमें से एक गैर समुदाय का है।
मंदिर के पुजारी पारस ने बताया कि मध्य रात्रि दो अधेड़ व्यक्ति मंदिर के पास मोटरसाइकिल खड़ी करके अंदर चले गए और भगवान श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं को गालियां देते हुए तोड़फोड़ कर रहे थे। आवाज सुनकर पुजारी ने अपने साथ रह रहे एक बच्चे लवकुश पुत्र रामगोपाल को गांव के अंदर भेजा।
दो आरोपियों को हिरासत में लिया
इसके बाद शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलवाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर रहे दोनों अधेड़ व्यक्तियों को मंदिर के अंदर ही बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों से पूछताछ कर रही है पुलिस
आरोपियों में एक का नाम शीतलाप्रसाद निषाद (50) पुत्र शत्रुघ्न निवासी 112 श्यामनगर कानपुर और दूसरे का नाम शाहिद (45) निवासी बासमंडी है। एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय और महाराजपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
प्रतिमा बनवाने के लिए कहा गया है
उन्होंने बताया कि मंदिर की प्रतिमा काफी पुरानी है और तत्काल इतनी बड़ी प्रतिमा मिलना मुश्किल है। प्रतिमा बनवाने के लिए कहा गया है, फिलहाल प्रतिमा के खंडित भाग दाहिनें हाथ को प्लास्टर की मदद से जोड़ दिया गया है। इससे पूजा-पाठ प्रभावित न हो, जितनी जल्दी प्रतिमा बन जाएगी।
आरोपियों को भेजा गया जेल
उसको भव्य रूप से पुनः प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी। एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपी नशे में धुत पाए गए हैं। शरारत करते हुए ही प्रतिमा को खंडित किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है।