Kanpur: इंडिगो की अव्यवस्था…तीन फ्लाइटें निरस्त, क्रू की कमी और तकनीकी खराबी बनी मुसीबत, यात्रियों का हंगामा
Kanpur News: इंडिगो एयरलाइन में क्रू की कमी और चेक-इन सिस्टम की तकनीकी समस्या के कारण शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की तीनों उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इससे एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों ने हंगामा किया, जबकि गुरुवार को भी ये उड़ानें दो से चार घंटे देर से चली थीं।
विस्तार
कानपुर में इंडिगो एयरलाइन में क्रू की कमी और और चेक-इन सिस्टम में आई तकनीकी समस्या का असर शुक्रवार को शहर में और गहरा गया। दिल्ली मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट निरस्त कर दिया गया। फ्लाइट निरस्त के संबंध में कोई जानकारी भी हवाई यात्रियों को नहीं दी गई। एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों ने इस पर हंगामा किया। एक दिन पहले भी तीनों उड़ाने तय समय से देर आईं और गईं।
मुंबई की उड़ान चार और दिल्ली की उड़ान 3.20 घंटे देर से आई। बेंगलुरु की उड़ान में भी दो घंटे 10 मिनट विलंब हुआ। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्रू की कमी और चेक इन सिस्टम में आई तकनीकी समस्या की वजह से देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो का परिचालन गुरुवार को भी बाधित रहा। गुरुवार को शहर की उड़ानों पर भी इसका असर रहा।
गुरुवार को भी थी भारी देरी
बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई की उड़ाने दो से चार घंटे तक देरी से आ सकीं। बेंगलुरु की उड़ान दोपहर 12:50 पर आती और 1:35 बजे जाती है। दिल्ली की उड़ान दोपहर दो बजे आती और 2:40 बजे जाती है। इसी तरह मुंबई की उड़ान दोपहर 2:35 बजे आती और 3:15 पर जाती है। गुरुवार को बेंगलुरु की उड़ान तीन बजे, दिल्ली की उड़ान शाम 5:20 और मुंबई की उड़ान शाम 6:33 बजे आई।