न्याय: आंखों में अंधेरा…जीवन को मिली ज्योति, नेत्रहीन को 30 साल बाद जमीन पर मिल सका कब्जा, पढ़ें पूरा मामला
Kanpur News: डीएम से जनता दर्शन में शिकायत की, तो नेत्रहीन को 30 साल बाद जमीन पर कब्जा मिल सका। एसडीएम सदर और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जमीन खाली कराई।
विस्तार
कानपुर में नेत्रहीन ने जनता दर्शन में 30 साल से जमीन पर कब्जा होने की शिकायत की तो, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर अफसरों को भेजकर जांच कराई। बुधवार को एसडीएम सदर अविचल प्रताप टीम लेकर मौके पर जांच की तो जमीन पर कब्जा पाया। टीम ने कब्जेदारों को हटाकर नेत्रहीन को जमीन सौंप दी है।
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी के जनता दर्शन में 30 जून को कल्याणपुर के बैरीखेड़ा निवासी नेत्रहीन पम्मी पुत्री स्वर्गीय राजकुमार अपनी फरियाद लेकर पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि पिता ने 30 वर्ष पहले ग्राम बैरी अकबरपुर बांगर में गाटा संख्या 909 की 0.0330 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। जब वह मौके पर कब्जा लेने पहुंचे तो आधे से ज्यादा जमीन पर आसपास के लोगों ने कब्जा कर रखा था। कई बार जमीन खाली कराने के लिए कहा तो पड़ोसियों ने मारपीट कर दी।
30 वर्ष जमीन पर मिल सका कब्जा
इसके बाद नेत्रहीन ने डीएम से जमीन का चिह्नांकन कर कब्जामुक्त कराने की मांग की। डीएम ने मामले को संज्ञान में लेकर एसडीएम सदर को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बुधवार को एसडीएम, तहसीलदार विनय द्विवेदी और लेखपाल को लेकर जांच करने मौके पर पहुंचे। अफसरों ने महिला की जमीन पर लोगों का कब्जा पाया। टीम मौके पर कब्जा हटवाया और महिला को उसकी जमीन दिलवाई। 30 वर्ष जमीन पर कब्जा मिलने पर महिला काफी खुश हुई।