Kanpur: 55 KM तक किया सराफ का पीछा, घर पहुंचते ही झोंका फायर…मांगी रंगदारी, बोला- जिंदा रहना है तो 50 लाख दो
Kanpur News: डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में शिवराजपुर के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात 8:17 बजे बाइक सवार बदमाश दिखाई दिए हैं। हालांकि बाइक का नंबर साफ नहीं दिखा। ऐसे में लग रहा है कि बदमाशों का इरादा व्यापारी को मारने से ज्यादा डराने का था।
विस्तार
कानपुर के गोविंदनगर में बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी पर उनके घर के बाहर फायर कर दिया। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से भाग निकले। घटना एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके कुछ देर बाद कारोबारी को कॉल कर बदमाशों ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
कारोबारी की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, घर पर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए हैं। बिल्हौर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता उर्फ गुड्डू गोविंदनगर क्यू ब्लॉक में रहते हैं। उनकी बिल्हौर में ही रामकुमार गुप्ता गुप्ता ज्वैलर्स नाम से दुकान है। अनिल ने बताया कि वह रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को दुकान जाते हैं।
गोली बगल से होकर पीछे स्कूल की दीवार में लगी
रविवार रात दुकान बंद करके कार से घर के लिए निकले। रास्ते में एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, लेकिन बात नहीं हो सकी। करीब 9:30 बजे घर पहुंचे और कार खड़ी करने के बाद डिग्गी से सामने निकाल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास से गुजरे और पीछे बैठे युवक ने अचानक फायर कर दिया। गोली उनके बगल से होकर पीछे स्कूल की दीवार में जा लगी।
धमकी दी- जिंदा रहना है, तो रुपये का इंतजाम कर लो
फायर करते ही बाइक सवार सीटीआई की ओर भाग निकले। कारोबारी के मुताबिक घटना के बाद वह घर के अंदर पहुंचे तो फिर उसी अज्ञात नंबर से कॉल आई। इस बार फोन करने वाले ने 50 लाख रुपये की मांग की। धमकी दी कि उसने ही गोली चलवाई है और जिंदा रहना है, तो रुपये का इंतजाम कर लो। दहशतजदा परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
आरोपियों की लोकेशन उन्नाव ट्रेस हुई है
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाश बिल्हौर से ही उनके पीछे लगे थे। बताया कि आरोपियों की लोकेशन उन्नाव ट्रेस हुई है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
55 किलोमीटर तक किया पीछा
गोविंदनगर के सराफा कारोबारी अनिल गुप्ता पर फायर कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस बिल्हौर, कानपुर देहात और उन्नाव में दबिश दे रही है। मामले की अबतक की जांच में पता चला है कि बदमाश बदमाश बिल्हौर से ही कारोबारी के पीछे लग गए थे। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में शिवराजपुर के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात 8:17 बजे बाइक सवार बदमाश दिखाई दिए हैं।
व्यापारी को मारने से ज्यादा डराने का था इरादा
हालांकि बाइक का नंबर साफ नहीं दिखा। ऐसे में लग रहा है कि बदमाशों का इरादा व्यापारी को मारने से ज्यादा डराने का था। कहा कि उन्हें कारोबारी के ऊपर फायर करना होता तो करीब 45 से 50 किलोमीटर का सफर नहीं तय करते। बीच रास्ते में ही गोली चला सकते थे। उन्होंने बाकायदा अनिल के घर तक पहुंचने का इंतजार किया और फिर फायर किया।
करीबी भी जांच की जद में
घटना के बाद से पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। रंगदारी मांगने वाले अपराधियों के गिरोह के साथ ही पुलिस स्थानीय दबंगों और करीबियों की भी गतिविधियों को भी जांच रही है। डीसीपी ने बताया कि कारोबारी से पूछताछ पर एक बात सामने आई है कि उन्हें गोविंदनगर में कोई गुड्डू के नाम से नहीं जानता। ऐसे में हमलावर बिल्हौर या फिर उनकी दुकान में आने-जाने वाला हो सकता है।
तीन बार आया कॉल
कारोबारी के पास घटना से पहले और गोली चलने के बाद कॉल आई थी। पहले आई कॉल में हैलो कहने के बाद फोन काट दिया गया। तीसरी बार फोन आया और सामने वाले ने गुड्डू कहकर बुलाया। कहा कि धमाका हमने करवाया है। जिंदा रहना है तो 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। इसके बाद फोन काट दिया, फिर कुछ देर बाद कॉल आई। पुलिस ने नंबर को सर्विलांस पर लगाया है।