Kanpur: नशीली खीर खिलाकर 15 लाख की चोरी का मामला, आरोपी गिरफ्तार….90 फीसदी सामान हुआ बरामद, पूछताछ जारी
Kanpur News: कल्याणपुर में सहायक बैंक प्रबंधक और उनकी मां को नशीली खीर खिलाकर 15 लाख की चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कैलाश विहार में सहायक बैंक प्रबंधक और उनकी मां को नशीली खीर खिलाकर 15 लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने यूपी और मध्य प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी के बाद इन आरोपियों को पकड़ा है।
बता दें कि बैंक के सहायक प्रबंधक गौरव सिंह और उनकी मां चित्रा सिंह के घर नौ अगस्त की रात को एक दंपति ने ग्रह नक्षत्र खराब होने की बात कहकर हवन-पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने धोखे से नशीली खीर खिलाकर दोनों को बेहोश कर दिया और 15 लाख रुपये का माल, जिसमें नकदी, जेवर और स्कूटी शामिल थी, लेकर फरार हो गए थे।
90 फीसदी सामान हुआ बरामद
गौरव सिंह को तीन दिन बाद 13 अगस्त को होश आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। कन्नौज और उन्नाव सहित यूपी और मध्य प्रदेश के कई जिलों में पुलिस टीमों ने दबिश दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों के पास से चोरी का लगभग 90 फीसदी सामान भी बरामद किया गया है।