Kanpur: आयुर्वेदिक औषधि में मिली एलोपैथिक तत्व की मिलावट, जिला प्रशासन की अपील- चिकित्सीय परामर्श अवश्य लें
Kanpur News: मामले में औषधि निरीक्षक ने दवा विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही दवा की खरीदारी का स्रोत, बेची गई मात्रा, स्टॉक की स्थिति आदि संबंध में अभिलेख समेत जानकारी एक सप्ताह में मांगी है।
विस्तार
कानपुर में आयुर्वेदिक दवा में एलोपैथिक औषधीय तत्व नियोमाइसिन की मिलावट की जांच में पुष्टि हुई है। ड्रग विभाग की टीम ने दो अप्रैल को रतनलालनगर स्थित मेसर्स भगवती मेडिकल एंड जनरल स्टोर से दवा का नमूना लिया था। आयुर्वेदिक औषधि हिमैक्स ऑइंटमेंट (वेट) के नमूने को जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला भेजा। औषधि निरीक्षक रेखा सचान ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच में नियोमाइसिन तत्व का पहचान परीक्षण सकारात्मक पाया गया।
मलहम की निर्माण तिथि दिसंबर 2024 और समाप्ति तिथि नवंबर 2027 है। शुरुआती जांच में पाया गया कि यह दवा मेसर्स इंडियन हर्ब्स स्पेशलिटीज प्राइवेट लिमिटेड, शिवपुरी, सहारनपुर में बनाई गई। भगवती मेडिकल एंड जनरल स्टोर, दबौली, रतनलाल नगर में बेची जाती रही। आयुर्वेदिक औषधियों में एलोपैथिक तत्वों का मिश्रण न केवल कानूनन वर्जित है, बल्कि इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव भी पड़ सकते हैं।
औषधि के सेवन से पूर्व चिकित्सीय परामर्श अवश्य लें
इस प्रकरण में औषधि निरीक्षक ने दवा विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही दवा की खरीदारी का स्रोत, बेची गई मात्रा, स्टॉक की स्थिति आदि संबंध में अभिलेख समेत जानकारी एक सप्ताह में मांगी है। दवा की बिक्री तुरंत बंद करने और स्टॉक को वापस मंगवाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी औषधि के सेवन से पूर्व चिकित्सीय परामर्श अवश्य लें। आयुर्वेदिक औषधियों में कथित रूप से एलोपैथिक तत्व सम्मिलित होने की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।