Kanpur: चौथी से लौटकर आते ही युवती का कारनामा, नकदी और जेवर लेकर प्रेमी संग फरार, पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
Kanpur News: भीतरगांव इलाके में चौथी से लौटकर आते ही युवती अपनी व मां के सारे जेवर व नगदी लेकर प्रेमी संग फरार हो गई। मामले में बेबस पिता ने पुलिस ने मदद की गुहार लगाई है।
विस्तार
कानपुर के भीतरगांव इलाके में विवाह समारोह के बाद पति ने अपनी नई नवेली दूल्हन के साथ सात जन्मों तक रहने का ख्वाब देखा था। हालांकि, उसे क्या पता था कि उसकी जीवन संगिनी महज 10 दिन बाद चौथी से लौटते ही भाग जाएगी। मायके पहुंचते ही दूल्हन शातिराना अंदाज में दस लाख रुपये के जेवरात और डेढ़ लाख नगदी लेकर कथित प्रेमी संग भाग निकली।
बेबस पिता ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। घटना साढ़ थाना क्षेत्र के रिंद नदी किनारे बसे एक गांव की है। अधेड़ पिता ने बताया बेटी का विवाह बीते सात जून को कानपुर देहात के मूसानगर क्षेत्र के युवक के साथ हुआ थी। 17 जून को बेटी चौथी पर मायके आई। इसके बाद 28 जून को जेवरात और डेढ़ लाख की नगदी लेकर सजातीय युवक संग फरार हो गई।
सर्विलांस की मदद से हो रही है तलाश
पीड़ित पिता ने बेटी को बहला फुसला और आशनाई के चक्कर में युवक पर भगा ले जाने की शिकायत की है। साढ़ प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह बताया युवती नाबालिक होने के समय दो वर्ष पहले भी उसी युवक के साथ गई थी। दोनों को पुलिस खोज कर वापस लाई थी, जिसमें लड़की ने स्वेच्छा से जाने की बात कही थी। दूसरी बार फिर उसी युवक के साथ चली जाने की जानकारी मिली है। उसे खोजने में सर्विलांस की मदद ली जा रही है।