Kanpur Accident: तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर; हादसे में भतीजे की मौत, चाचा गंभीर रूप से घायल
Kanpur News: बिधनू में डंपर की टक्कर से पलटे ई-रिक्शा के नीचे दबकर सब्जी कारोबारी सूरज (26) की मौत हो गई। हादसे में घायल उसके चाचा को हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में रामगंगा नहर के पास सोमवार रात ई-रिक्शा से मिर्च लादकर नौबस्ता मंडी आ रहे चाचा-भतीजे को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा पलट गया और हादसे में भतीजे की दबकर मौत हो गई। वहीं चाचा का हाथ टूट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया।
कुम्हेड़िया गांव निवासी सूरज गौतम (26) सब्जी का काम करता था। परिवार में पत्नी संध्या और दो बेटियां हैं। गांव निवासी चाचा मंजीत ने बताया कि सोमवार रात वह सूरज के साथ ई-रिक्शा में मिर्च लादकर नौबस्ता मंडी आ रहा था। तभी रामगंगा नहर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी।
तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्जकर होगी कार्रवाई
इससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चाचा मंजीत का हाथ टूट गया। पुलिस ने ई-रिक्शा हटवाकर यातायात सामान्य कराकर घायल मंजीत को हैलेट अस्पताल में भर्ती कराकर सूचना दी। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।