Kanpur Accident: गंगा बैराज पर स्टंटबाजी करते बाइक खंभे से टकराई, युवक की मौत…शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
Kanpur News: बैराज के गेट नंबर 16 के पास देर रात हादसा हुआ, जिसमें स्टंटबाजी कर रहे युवक की बाइक खंभे से टकरा गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में गंगा बैराज पर शनिवार देर रात स्टंटबाजी के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीतापुर के गडरूवा चंद्रसेनी निवासी जंगबहादुर सिंह का बेटा मिथुन सिंह (22) एक प्लाईवुड कंपनी में ठेकेदारी कर रहा था।
टक्कर लगने से मौके पर ही मौत
वह शनिवार रात तीन दोस्तों के साथ बाइक से गंगा बैराज पहुंचा। तीनों बारी-बारी से स्टंट करने लगे। रात लगभग 10:30 बजे करतब करने के दौरान मिथुन की बाइक अनियंत्रित होकर गेट नंबर 16 के नजदीक बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है।
गंगा बैराज पर स्टंटबाजी ले चुकी जानें
- 12 फरवरी 2021: बाइक सवार की स्टंटबाजी में आकर नानी और नाती की मौत हो गई थी।
- 28 नवंबर 2021: स्टंट करने में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा था।
- 31 जुलाई 2022: तेज रफ्तार स्टंट करते कार की टक्कर से युवक की सांसें थमी थीं।
- 14 सितंबर 2022: स्टंट करते हुए कार ट्रक से टकराई, कार सवार तीन की मौत हो गई थी।
- 21 अक्टूबर 2023: स्पोर्ट्स बाइक की स्टंटबाजी में बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
- 17 फरवरी 2024: कार सवार ने स्टंट करते हुए दवा कारोबारी को कुचल दिया था।