Kannauj: लापता युवक का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर होगी जांच
Kannauj News: सौरिख के नगला डढूंअन में रात से गायब युवक का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र के गाव नगला डढूंअन में रात घर से गायब हुए युवक को परिजन सुबह खेतों में ढूंढ रहे थे। गांव के बाहर खेतों में चिल्ल के पेड़ पर साड़ी के फंदे से युवक का शव लटका देख, परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची सौरिख थाने की पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। साथ ही, युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला डढूंअन निवासी पीयूष(18) पुत्र सुदीप कुमार उर्फ अजय कुमार रात में साढ़े नौ बजे शौच क्रिया करने की बात को कहकर घर से निकला था। परिजनों ने जाना पीयूष वापस घर आकर लेट गया होगा। सुबह साढ़े आठ बजे पिता सुदीप कुमार ने जब कमरे में पियूष को नहीं देखा, तो वह दंग रह गए और आसपास गांव में ढूंढा। इससे और ग्रामीणों ने गांव के बाहर ढूंढने का प्रयास किया, तो राम लखन के खेत के पास पीयूष का शव चिली के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका देख, परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पीयूष की हत्या का लगाया आरोप
वहीं, इस घटना से मां गुड्डी देवी और बड़े भाई मनीष एवं आयुष का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पीयूष की हत्या का आरोप लगाते हुए 100 नंबर और पुलिस को फोन द्वारा सूचना दी। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी जयंती गंगवार ने मौके पर पहुंचकर उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। वहीं, पीयूष के शव की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आग तरह फैल गई। थोड़ी देर में गांव और आसपास गांव के ग्रामीण में मौके पर पहुंच गए। भीड़ को इकट्ठा होते देख अन्य थानों को मामले की जानकारी दे दी गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मौके पर छिबरामऊ, बिशनगढ़, सकरावा थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। थोड़ी देर बाद छिबरामऊ क्षेत्राधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाते हुए पीयूष के शव को साड़ी के फंदे से उतार कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयंती गंगवार का कहना है प्रार्थना पत्र अभी नहीं मिला है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की जानकारी मिल सकेगी।