कन्नौज: 13 साल से चकरोड पर दबंगों का कब्जा, 77 साल का बुजुर्ग टंकी पर चढ़ा, राजस्व विभाग की लापरवाही उजागर
Kannauj News: छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के बेहटा गांव में 13 साल से चकरोड पर दबंगों के अवैध कब्जे से परेशान 77 वर्षीय ने न्याय की आस में पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया। राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर बुजुर्ग ने चकरोड खाली न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी।
विस्तार
कन्नौज जिले में 13 साल से चकरोड पर दबंगों के कब्जे से परेशान 77 साल के बुजुर्ग ने न्याय की गुहार के लिए पानी की टंकी पर चढ़कर फरियाद लगाई। सूचना पर तहसीलदार, सीओ सिटी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बुजुर्ग को समझाने में जुटा रहा। छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा निवासी रतिराम (77) का आरोप है कि गांव के चकरोड पर दबंगों ने 13 साल से अवैध कब्जा कर रखा है। चकरोड बंद होने से खेतों तक जाने का रास्ता बंद हो गया है।
कई बार तहसील और जिला प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लेखपाल से लेकर तहसीलदार तक चक्कर काटते-काटते बुजुर्ग थक गया। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो बुजुर्ग ने विरोध जताने के लिए पानी की टंकी पर चढ़कर न्याय की मांग की। बुजुर्ग के टंकी पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तहसीलदार और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
घंटों तक बुजुर्ग को नीचे उतरने के लिए समझाया गया। बुजुर्ग रतिराम का कहना है कि दबंगों के डर से गांव के लोग भी आवाज नहीं उठाते। प्रशासन केवल आश्वासन देता है, लेकिन कब्जा नहीं हटवाता। इससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। बुजुर्ग ने चेतावनी दी कि यदि चकरोड से कब्जा नहीं हटा, तो वह आत्महत्या कर लेगा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी राजस्व टीम मौके पर नहीं आती। 13 साल से कब्जा होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।