UP News: कन्नौज के इत्र पार्क का शुभारंभ मार्च में, हो चुका है 95 फीसदी काम हो चुका है पूरा
ग्लोबल इनवेस्टर मीट के साथ कन्नौज के इत्र पार्क का शुभारंभ होगा। इसका 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। स्ट्रीट लाइट और सड़क निर्माण का काम अंतिम दौर में है, वो भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
विस्तार
कन्नौज में बन रहा इत्र पार्क जल्द ही शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि मार्च में होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर मीट के साथ ही इसका शुभारंभ हो जाएगा। करीब 60 एकड़ में बन रहे पार्क में इंफ्रास्ट्रक्चर का 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
स्ट्रीट लाइटिंग और सड़क निर्माण के काम अंतिम दौर में हैं, जो फरवरी के पहले हफ्ते तक पूरे हो जाएंगे। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के नजदीक बसे पैथाना और वलनापुर गांव की जमीन पर बन रहे पार्क के शुरू होने से इत्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
एसीईओ प्रेम प्रकाश मीणा कहते हैं कि अभी तक इत्र का कारोबार काफी हद तक असंगठित है। इस वजह से पैकेजिंग और मार्केटिंग में दिक्कत आती है। ग्लोबल इनवेस्टर मीट के दौरान निवेशकों को जमीन खरीदने से लेकर बिजली, पानी तक में नई औद्योगिक निवेश नीति के तहत छूट दी जाएगी।
सवा चार सौ यूनिट हैं इत्र कारोबार की
कन्नौज में इत्र कारोबार से जुड़ी करीब सवा चार सौ इकाइयां मौजूद हैं। इनका करीब 1250 करोड़ का टर्नओवर है। नए पार्क के बनने से एक ही छत के नीचे कारोबारियों को सभी सुविधाएं मिलेंगी। अंतर्राष्ट्रीय परफ्यूम म्यूजियम के अलावा सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र बनाए जाएंगे। पार्क के विकसित होने के बाद आसपास के जिलों में भी फूलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा।
50 से ज्यादा उद्यमियों ने लिए हैं प्लॉट
मीणा ने बताया कि पार्क में 500 से 1700 वर्गमीटर क्षेत्रफल के प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अभी तक 50 से ज्यादा इत्र निर्माताओं ने पार्क में इकाइयां लगाने के लिए प्राधिकरण से संपर्क साधा है। इस पार्क के पूरी तरह से शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।
बता दें कि इस पार्क में औद्योगिक इकाइयों के साथ साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर का परफ्यूम म्यूजियम भी बनाया जाएगा। वर्तमान में पार्क में बिजली पोल, लाइनों से लेकर सड़कों तक के निर्माण को पूरा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मार्च में परफ्यूम पार्क की सौगात मिल जाएगी।