हाईवे का ‘पुलिस टैक्स’: एक लाख मांगे, 40 हजार में हुई डील, व्यापारी को उठा वसूली रकम, मामले में जांच शुरू
कमिश्नरी और आउटर पुलिस के अवैध वसूली के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में जांच शुरू हुई, जिसकी जद में कई पुलिसकर्मी हैं। बता दें इससे संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
विस्तार
कानपुर में कमिश्नरी और आउटर पुलिस पर एक बार फिर वसूली का आरोप लगा है। कर्नलगंज थाने की पुलिस पर व्यापारी से 40 हजार रुपये की वसूली का आरोप लगा, तो आउटर में महाराजपुर थाने की पीआरवी के पुलिसकर्मियों पर ट्रकों से वसूली का आरोप लगा। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। दोनों मामलों में जांच शुरू हुई है।
एक लाख मांगे, 40 हजार में डील
कर्नलगंज निवासी चूड़ी कारोबारी लियाकत के मुताबिक एक सप्ताह पहले वह दोस्तों के साथ बैठकर रमी खेल रहे थे। तभी कर्नलगंज थाने के चार पुलिसकर्मी आए। सभी को थाने ले गए। आरोप है कि उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई। बातचीत के बाद 40 हजार रुपये देकर वह छूटे।
आरोप यह भी है कि अन्य उनके दोस्तों से भी 10-15 हजार रुपये लेकर छोड़ा गया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई है। जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नहीं सुधर रहे पीआरवी के पुलिसकर्मी
हाईवे पर पीआरवी के पुलिसकर्मियों की वसूली की तमाम शिकायतें आती रही हैं। अब कानपुर आउटर के महाराजपुर थाने की पीआरवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें दावा किया जा रहा है कि ट्रकों से पीआरवी के पुलिसकर्मी वसूली कर रहे हैं।
एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच सीओ सदर संग्राम सिंह को दी गई है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक सिपाही राज प्रताप और अरुण की भूमिका सामने आ रही है।