बिजली कटौती से 20 लाख लोग परेशान: दिन में गर्मी से पिघले इंसुलेटर, तो रात में आंधी से टूटे बिजली के तार, चलता रहा मरम्मत का कार्य
भीषण गर्मी में बिजली की लाइनों में फॉल्ट की समस्या से निजात नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को दिन में हाईटेंशन लाइन के तार टूटने और इंसुलेटर पिघलने से बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विस्तार
कानपुर में दिन में बेतहाशा गर्मी की वजह से बढ़े लोड के कारण शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली की लाइने टूटने और इंसुलेटर पिघलने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं, देर शाम आंधी और बारिश की वजह से करीब 80 सब स्टेशनों से आपूर्ति ठप हो गई। करीब पांच घंटे तक शहर के अधिकांश क्षेत्र अंधेरे में रहे।
आनन-फानन में टीमें लगाकर एक-एक सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाती रही। यह सिलसिला रात भर चलता रहा। इस अव्यवस्था से करीब 20 लाख लोग प्रभावित हुए। एक दिन पहले शुक्रवार को ओवर लोडिंग के चलते महानगर के 21 सब स्टेशनों से बिजली कई घंटे गायब रही।
फॉल्ट की वजह से नवीन नगर सबस्टेशन से पांडुनगर और काकादेव, फजलगंज, विजय नगर, शास्त्री नगर, की बिजली तीन बजे तक प्रभावित रही। रात भर लोग सो नहीं सके और छतों पर टहलते रहे। इसी तरह हैरिसगंज सबस्टेशन से मीरपुर पकरिया चौराहे पर आपूर्ति प्रभावित रही।
बिजली गायब होने की वजह से इलाकाई लोग जगह-जगह सड़कों पर निकल आए और सबस्टेशन के बाहर भीड़ लगाए रहे। इसी तरह श्याम नगर सी ब्लॉक में भी फॉल्ट रहा। शताब्दी नगर पनकी में शिवलिंग अपार्टमेंट के पास कई बार बिजली ट्रिप हुई।
किदवईनगर, राधापुरम-कोयला नगर में बिजली सुबह नौ बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक गुल रही। जाजमऊ, कल्याणपुर, गोविंदनगर, बर्रा, पनकी, दादा नगर, दालमंडी, सर्वोदय नगर, नवाबगंज की बिजली दिनभर लोगों को परेशान करती रही।