IND vs NZ Test Series: श्रेयस-अक्षर ने छोड़ी छाप, पहली पारी में शतक और दूसरी में अर्द्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने अय्यर
टी-20 और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रेयस अय्यर ने डेब्यू टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया। वह पहली पारी में संकट मोचक की भूमिका में रहे।
विस्तार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला गया मैच भले ही ड्रॉ हो गया हो लेकिन टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चमक बिखेरी और कई कीर्तिमान अपने नाम किए। टी-20 और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रेयस अय्यर ने डेब्यू टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया।
वह पहली पारी में संकट मोचक की भूमिका में रहे। टीम इंडिया की पहली पारी में नियमित अंतराल पर विकेट गिरे थे। ओपनर मयंक अग्रवाल और अनुभवी बल्लेबाज पुजारा बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। श्रेयस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन शतक बनाया था।
105 रन की पारी खेलकर भारतीय टीम को पहली पारी में 345 रन तक पहुंचाने में मदद की थी। दूसरी पारी में भी ओपनरों, पुजारा और कप्तान के सस्ते में आउट होने पर शानदार अर्द्घशतक जमाकर 65 रन बनाए थे।
पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में अर्द्घशतक बनाकर पहले भारतीय खिलाड़ी होने का कीर्तिमान उन्होंने बनाया। वहीं, आर अश्विन ने भी मैच में रिकॉर्ड बनाया। अश्विन टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके अब 419 विकेट हो गए हैं। उनसे आगे अब कपिल देव (434 विकेट) और अनिल कुंबले (612 विकेट) हैं।
पूरे मैच में अश्विन ने दोनों पारियों में छह विकेट लिए। अभी तक 417 विकेट लेकर तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह थे। अपना चौथा टेस्ट मैच खेल रहे अक्षर पटेल ने तीसरे स्पिनर के रूप में अच्छी भूमिका निभाई।
पहली पारी में न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को आउट करके टीम को सस्ते में समेट दिया। दूसरी पारी में एक विकेट लेकर कुल छह विकेट चटकाए। वहीं, जडेजा ने पहली पारी में 52 रन बनाए और पूरे मैच में पांच विकेट लेकर आलराउंडर की भूमिका निभाई।
न्यू प्लेयर्स पवेलियन वर्ल्ड क्लास
भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने ग्रीनपार्क स्टेडियम की न्यू प्लेयर्स पवेलियन की तारीफ की। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि न्यू प्लेयर्स पवेलियन का ड्रेसिंग रूम वर्ल्ड क्लास है। डायनिंग एरिया, बाथरूम, कुर्सियां, जिम समेत सभी सुविधाएं अत्याधुनिक हैं।
पहले यहां का ड्रेसिंग रूम काफी छोटा था। उन्होंने कहा कि लैंडमार्क होटल का खाना लाजवाब था। साफ-सुथरे ढंग से खाना लाने से लेकर उसे परोसने का अंदाज आकर्षक था। भारतीय गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी लिखा कि ड्रेसिंग रूम तो बहुत ही शानदार है। अब ग्रीनपार्क पहले जैसा नहीं रहा है, यहां पर काफी कुछ बदल चुका है। एमएचपीएल इंडिया के एमडी पीयूष अग्रवाल ने खिलाड़ियों का आभार प्रकट किया है।