Kanpur News: राधा-कृष्ण मंदिर से मूर्तियां गायब, कराया जा रहा था अवैध निर्माण, महापौर ने रुकवाया
प्रदेश में भूमाफिया पर प्रशासन सख्त कार्रवाई के साथ शिकंजा कस रहा है, लेकिन कानपुर में उसके हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में भूमाफिया गोपाल टॉकीज के पास राधा-कृष्ण मंदिर से मूर्तियां गायब कर अवैध निर्माण करवा रहा था। महापौर ने पहुंचकर निर्माण रुकवाया और पुलिस को बुलाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय ने गुरुवार को पीरोड में राधा कृष्ण के प्राचीन मंदिर में हो रहा अवैध निर्माण रुकवाया। मंदिर से मूर्तियां भी हटा दी गईं थीं। उन्होंने तत्काल पुलिस बुलाकर काम न होने के निर्देश दिए। निर्माण की जांच और कार्रवाई के लिए केडीए उपाध्यक्ष को पत्र लिखा है।
बता दें कि पी रोड में गोपाल टॉकीज चौराहे के बगल में बने सैकड़ों साल पुराने राधा-कृष्ण के मंदिर में अवैध रूप से कब्जा कर व्यवसायिक निर्माण हो रहा था। मौके पर पहुंचीं महापौर ने बताया कि निर्माणकर्ता ने न केवल पूरे मंदिर परिसर को अपने कब्जे में ले लिया, बल्कि वहां रखी हुई सैकड़ों साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियों को भी हटा कर इधर-उधर कर दिया।
निरीक्षण में महापौर ने पाया कि बेशकीमती जमीन पर स्थित मंदिर परिसर में तीन मंजिला इमारत बनाई जा रही है। उन्होंने तत्काल एसीपी सीसामऊ को बुलाकर निर्माण रुकवा दिया। महापौर ने निर्देश दिए कि जब तक मालिकाना हक का निस्तारण न हो जाएगा, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। महापौर के अनुसार शहर में प्राचीन मंदिर पर कब्जे की यह पहली घटना नहीं है।
उन्होंने बताया कि बेकनगंज, चमनगंज और यतीमखाना इलाके में कई ऐसे प्राचीन मंदिर हैं, जिन पर भूमाफिया, व्यापारियों ने न केवल कब्जा कर लिया है बल्कि वहां पर बिरयानी की दुकानें भी खोल ली हैं। नगर निगम अभियान चलाकर सभी प्राचीन मंदिरों को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराएगा।