जमीन विवाद को लेकर ससुराल वालों ने महिला को किया प्रताड़ित, आंख में डाला मिर्च पाउडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर हुए विवाद में जेठ ने अपने बेटे व बेटियों के साथ छोटे भाई की पत्नी को पीटकर मरणासन्न कर दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसकी आंख व नाजुक अंग में मिर्च का पाउडर डाल दिया। वह करीब एक घंटे तक खेत में पड़ी तड़पती रही।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता की बेटी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की है। सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। घटना उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव की है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला(55) घर में अकेले रहती है। उसके तीन बेटे राजस्थान में रहकर मजदूरी करते हैं। गुरुवार शाम महिला खेत में काम करने गई थी। महिला का आरोप है कि उसके खेत के बगल में उसके जेठ कल्लू का खेत है। कल्लू ने गुरुवार को उसके खेत की मेड़ तोड़ दी थी। उसने जब विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। कुछ ही देर में उसका बेटा अवधेश, पत्नी व बेटी रुचि व रीना भी आ गई। आरोपियों ने उसे बुरी तरह से पीटा।
आंख व नाजुक अंग में लाल मिर्च डालकर भाग निकले आरोपी
महिला का आरोप है कि कल्लू व उसके परिवारीजनों ने उसकी आंख व नाजुक अंग में लाल मिर्च डालकर भाग निकले। इससे वह एक घंटे तक खेत में पड़ी तड़पती रही। ग्रामीण जब शोर सुनकर मौके पर पहुंचे तब उन्होंने परिजनों को सूचना दी। हरदोई के बिलग्राम में रहने वाली उसकी बेटी ने उसे बांगरमऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख देर रात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा है।
बेटी ने बताया कि मिर्च के कारण मां को ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। महिला की भाभी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कल्लू, उसके बेटे, पत्नी व दो बेटियों के खिलाफ महिला को पीटने व निर्वस्त्र करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद का मामला है। सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
आंख में लाल मिर्च जाने से उसे दिखाई भी नहीं दे रहा
महिला के तीन बेटे हैं। जिनमें दो राजस्थान में रहकर मजदूरी करते हैं। जबकि तीसरा बेटा मुंबई में नौकरी करता है। मां के साथ मारपीट की सूचना पर एक बेटा शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने मां का उपचार नहीं किया। आंख में लाल मिर्च जाने से उसे दिखाई भी नहीं दे रहा। इसकी शिकायत डॉक्टर से की गई लेकिन आंखों की जांच नहीं हुई।