Unnao: बच्चों को लेकर पत्नी में हुई कहासुनी, पति ने लगा ली फांसी, मवेशियों के फसल चर जाने से था परेशान
सोहरामऊ थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद पति ने फंदे से लटककर जान दे दी। रविवार सुबह पति को फंदे पर लटका देख पत्नी बदहवास हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
उन्नाव जिले में पत्नी से विवाद के बाद पति ने घर के अंदर कमरे में गमछे में फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी सुरेश कुमार (45) खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था।
शनिवार शाम को खेत से लौटने के बाद पत्नी गीता से बच्चों को मामा के यहां भेजने को लेकर विवाद भी हुआ। बिना खाना खाए कमरे में सोने चला गया। विवाद होने से पत्नी दूसरे कमरे में सोने चली गई। रविवार सुबह जब उठी और दरवाजा खुला न देख पति को जगाने पहुंची तो शव फंदे से लटका मिला।
यह देख वह चीखते हुए बाहर निकली। बच्चों के साथ परिवार के अन्य सदस्यों को बताया। ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुमार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। मृतक चार भाइयों के सबसे बड़ा था। एसओ अमित सिंह ने बताया कि आपसी विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
फसल मवेशियों के चर जाने से था परेशान
मृतक सुरेश कुमार के तीन बच्चों में विपिन (18), शैलू (16) और अमन(10) साल के हैं। मकर संक्रांति का पर्व होने से तीनों सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बजौरीखेड़ा निवासी मामा श्यामबाबू के यहां गए थे। उधर, खेत में खड़ी गेहूं और लाही (सरसो) की फसल छुट्टा मवेशियों के चर जाने से वह परेशान था।